डी-पार्क अग्निकांड के बाद एक्शन मोड में प्रशासन, जांच के लिए बनीं दो कमेटियां
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 05:57 PM (IST)
रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक के डी-पार्क अग्निकांड के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। 9 जून को हुए भीषण हादसे में लगभग एक दर्जन दुकान जलकर राख हो गई थीं, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। अब जिला प्रशासन ने नुकसान का आंकलन करने और पूरे मामले की जांच के लिए दो अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है। प्रशासन का दावा है कि प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी ।
डी-पार्क मार्केट में आग लगने की घटना के बाद डीसी सचिन गुप्ता प्रभावित व्यापारियों से मिले और बातचीत की। डीसी ने बताया कि दुकानों का सर्वे कर नुकसान का विस्तृत आंकलन करने के लिए दो कमेटियों का गठन किया गया है। इसके साथ ही आग लगने के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी जिला उपायुक्त का कहना है कि यह व्यापारियों के लिए बेहद कठिन समय है और प्रशासन इस दुःख की घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़ा है । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नुकसान का आंकलन पूरी पारदर्शिता के साथ और तय समय में पूरा किया जाए, ताकि आगे की राहत प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो । वहीं व्यापारियों को आश्वासन देते हुए जिला उपयुक्त ने कहा कि उनका नुकसान उचित मुआवजा मिलेगा ।
फिलहाल प्रशासन की टीम जमीनी स्तर पर नुकसान का आंकलन करने में जुटी है। वहीं मुख्यमंत्री पहले ही हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा कर चुके हैं । अब व्यापारियों की नजर सर्वे रिपोर्ट और सरकार की राहत प्रक्रिया पर टिकी हुई है ।