दाबनखेड़ी के युवक की कनाडा में सड़क हादसे में मौत

7/27/2019 11:08:55 AM

गुहला/चीका (पंकेस): उपमंडल के गांव दाबनखेड़ी के एक युवा मलक सिंह (19) की कनाडा में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मलिक सिंह कनाडा में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए गया था। मलक सिंह की मौत हो जाने की सूचना पहले सोशल मीडिया पर चली, उसके बाद पीड़ित परिवार व पूरे हलके में शोक की लहर दौड़ गई। हालांकि पीड़ित परिवार को मलक सिंह की मौत हो जाने की सूचना एक रिश्तेदार जोकि कनाडा में रहता है ने दी।

जानकारी अनुसार युवा मृतक मलक सिंह के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 6 सितम्बर 2018 को उनका पुत्र कनाडा में उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए गया था। उन्होंने बताया कि शिक्षा के बाद मलक सिंह अपना गुजारा भत्ता चलाने के लिए कार्य भी करता था। मलक सिंह अपने 4 अन्य साथियों के साथ अपनी ड्यूटी पर गया था और जब काम से वापस लौट रहे थे तो पहाड़ी के ऊपर से उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। मलक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। 2 युवकों को गंभीर चोटें लगी, 3 युवकों को हलकी चोटें आई। उन्होंने बताया कि उनके पास मलक सिंह की मौत हो जाने की खबर उनकी मौसी के बेटे जोकि उनका रिश्तेदार है ने सुबह 7 बजे दी। 

हर आम व्यक्ति उनके घर परिजनों को सांत्वना देने के लिए पहुंचा। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि वह एक छोटे सा किसान है जो खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बेेटे को उच्च शिक्षा के साथ-साथ कार्य करने के लिए इसलिए भेजा था कि वह वहां पढ़ाई भी कर ले और काम धंधा कर अपने परिवार का भी पालन पोषण कर सके लेकिन उन्हें क्या पता था कि उनके साथ इस प्रकार का हादसा बीत जाएगा। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उसके 2 लड़के और 2 लड़कियां हैं। मलक सिंह उसका बड़ा बेटा था।

Isha