डबवाली पुलिस का एक्शन: आरोपी चरणजीत की नशा तस्करी से खड़ी की गई 64 लाख रुपये की अवैध संपत्ति की फ्रीज

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 11:49 AM (IST)

सिरसा (सतनाम) : नशे के जरिए युवाओं को अंधेरे में धकेल कर खुद अमीर बनने वालों के खिलाफ डबवाली पुलिस ने अब आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर के नेतृत्व में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने नशा तस्करी से अर्जित लगभग 64 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति को फ्रीज कर तस्करों की कमर तोड़ दी है। यह कार्रवाई उन लोगों के लिए कड़ा संदेश है जो यह समझते हैं कि नशा बेचकर कमाया गया पैसा और बनाई गई संपत्ति हमेशा सुरक्षित रहेगी। अब ऐसा नहीं होगा।

डीएसपी डबवाली कपिल ने बताया कि चरणजीत सिंह उर्फ चत्रा पुत्र गुरदेव सिंह निवासी जगमालवाली जिला सिरसा का है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी लंबे समय से युवाओं को नशे की लत में धकेलकर अवैध कमाई कर रहा था। डबवाली पुलिस की यह कार्रवाई नशा तस्करों के आर्थिक ढांचे को जड़ से खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। 

डीएसपी  ने कहा कि डबवाली पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। अब तस्करों को सिर्फ जेल भेजना ही काफी नहीं है उनकी अवैध कमाई से बनी हर संपत्ति को कानून के तहत जब्त किया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि कई अन्य नशा तस्कर पुलिस की रडार पर हैं और उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी। डबवाली पुलिस नशा मुक्त समाज के संकल्प के साथ नशा तस्करी के खिलाफ हर मोर्चे पर बिना किसी दबाव के कार्रवाई जारी रखेगी। डबवाली पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। नशा बेचना है तो तैयार रहिए जेल भी मिलेगी और कमाई का एक-एक रुपये का हिसाब भी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static