पंजाब बॉर्डर के पास दादूवाल ने मेरी हत्या का किया प्रयास : जगदीश सिंह झींडा
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 10:15 AM (IST)
कैथल : कैथल में हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी (एच.एस.जी.एम.सी.) के प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कैथल स्थित नीम साहिब गुरुद्वारा में सिख संगत के साथ बैठक की। उन्होंने पूर्व प्रधान बलजीत सिंह दादूवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब बॉर्डर के पास उनके ऊपर पिस्तौल तानकर हत्या का प्रयास किया गया। वहीं दूसरी ओर बलजीत सिंह दादूवाल ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि झींडा झूठे आरोप लगा रहे हैं और उन्होंने ऐसा कोई कृत्य नहीं किया। झींडा सरकर से सुरक्षा लेने के लिए झूठ फैला रहे हैं।
झींडा ने बताया कि मंगलवार को वह पंजाब के एक गांव में भोग कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान दादूवाल ने मंच से हरियाणा कमेटी की कार्यप्रणाली पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जोकि बाद में झगड़े में बदल गई। इस घटना ने दोनों पक्षों के बीच पहले से चल रहे मतभेद को और गहरा कर दिया।
झींडा ने दावा किया कि कार्यक्रम के बाद लौटते समय दादूवाल के समर्थकों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में रोक लिया। आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट करने की कोशिश की गई और रिवॉल्वर तानकर डराने का प्रयास किया गया। झींडा के अनुसार, हमलावर पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि कथित तौर पर दादूवाल ने गोली चलाने का आदेश दिया, लेकिन उनके ड्राइवर व सुरक्षाकर्मी की सूझ-बूझ से वे सुरक्षित बच निकले।
झींडा ने बताया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा भी किया, लेकिन पंजाब बॉर्डर पर पुलिस की मौजूदगी के कारण वे लोग वापस लौट गए। इस घटना को लेकर उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि यदि भविष्य में उन पर कोई हमला होता है तो उसकी जिम्मेदारी दादूवाल की होगी। उन्होंने पंजाब पुलिस से अपील की कि इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो हरियाणा की सिख संगत पटियाला के एस.पी. से मुलाकात करेगी।
झींडा ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की: दादूवालः बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि न तो उन्होंने कोई हमला किया और न ही किसी को उकसाया। झींडा सरकार से सुरक्षा लेने के लिए प्रपंच रच रहें हैं। वह केवल शोक सभा में श्रद्धांजलि देने गए थे। झींडा ने उन्हें श्रद्धांजलि देने से रोकने की कोशिश की। दादूवाल ने झींडा पर धार्मिक मर्यादा से जुड़ा आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि झींडा ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की है। जिसकी शिकायत संगत ने पुलिस को दी है। यह मामला अब धार्मिक और सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।