सिविल अस्पताल में जमकर हुआ ढोल की थाप पर नाच

7/27/2018 11:20:59 AM

यमुनानगर(सुमित): सिविल अस्पताल जगाधरी मरीजों को स्वास्थ्य ठीक करने की बजाय बिगाडऩे का काम कर रहा है। वैसे तो सिविल अस्पताल हो या कोई और अस्पताल के बारे में कहा जाता है कि यहां किसी किस्म का शोर करना वॢजत है लेकिन यदि सिविल अस्पताल में ही ढोल बजने लगे और नाच नाचकर जश्न मनाया जाने लगे तो उसके बारे में क्या कहा जाए। 

गुरुवार को जगाधरी के सिविल अस्पताल में कुछ इसी प्रकार का नजारा था। अस्पताल में ढोल की थाप पर स्टाफ व अन्य लोग जमकर डांस कर रहे थे और गीत गाए जा रहे थे। किसी को मरीजों से कोई लेना-देना नहीं था। मौका था एक कर्मचारी की सेवानिवृत्ति का। सेवानिवृत्ति के मौके पर अस्पताल के भवन में ही खूब जश्न हुआ और ढोल बजे और साथ ही साथ जमकर डांस मस्ती भी हुई। अस्पताल में अपने किसी रिश्तेदार का हाल-चाल जानने पहुंचे शादीपुर के विकास ने बताया कि वे यहां अपने मरीज का हाल जानने के लिए पहुंचे लेकिन यहां तो अस्पताल वाली कोई बात ही नहीं दिखाई दे रही थी। अस्पताल में जमकर ढोल की थाप पर कर्मचारी नाच रहे थे और गीत गा रहे थे। यहां शायद किसी कर्मचारी की सेवानिवृत्ति थी। जिसका जश्न अस्पताल के भवन के अंदर ही ढोल पर नाच गाना गाते हुए मनाया जा रहा था। कई मरीजों ने इस पर आपत्ति भी जताई और उन्हें कहा कि वे इस प्रकार की गतिविधि को अस्पताल के बाहर अंजाम दें लेकिन मरीजों की कौन सुनने वाला था। 

जांच के बाद करेंगे कार्रवाई : सिविल सर्जन
विकास कुमार का कहना था कि इस प्रकार की मस्ती अस्पताल में अच्छी नहीं, क्योंकि इससे न जाने कितने मरीजों को नुक्सान हुआ होगा और उनका खुद का मरीज भी इस ढोल की आवाज की वजह से परेशान दिखाई दिया।इस संबंध में जब सिविल सर्जन डा. कुलदीप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है। वे इस संबंध में जांचकरेंगे। यदि कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।  

Deepak Paul