पिता को न्याय दिलाने के लिए बेटी ने दिया धरना, आरोप- पुलिस दे रही दबंगों का साथ

7/27/2020 11:35:42 PM

पानीपत (सचिन): पैसों का मोह इंसान को हैवान बनने पर मजबूर कर देता है। इसी पैसों के मोह से उपजी हैवानियत का शिकार एक मजदूर बन गया। वहीं एक ओर जहां दबंगों ने मजदूर पर अत्याचार किया, वहीं पुलिस भी पक्षपात करती नजर आ रही है। हालात यह हो गए कि पीड़ित को न्याय के लिए धरना देना पड़ रहा है, जिसमें पीड़ित मजदूर की बेटी भी शामिल है। पीड़ित की बेटी ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का साथ दे रही है।



दरअसल, पानीपत के गांव निंबरी के रहने वाले विनोद ने छाजपुर के रहने वाले दर्जनों लोगो पर आरोप लगाए कि उन्होंने उसे पैसे देने के नाम पर बुलाया और उसके साथ मारपीट की। विनोद ने बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। उसका छाजपुर के रहने वाले एक व्यक्ति के साथ लेनदेन था। विनोद ने आरोप लगाए कि उसी व्यक्ति ने पैसे देने के लिए उसे बुलाया और उसको जान से मारने के इरादे से जमकर पिटाई की और उसे तांत्रिक घोषित कर गांव में नंगा घुमाया गया।



वहीं विनोद ने पुलिस प्रशासन पर भी आरोप लगाए कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए उन्होंने दबंगो का साथ दिया। लघुसचिवालय के सामने पीड़ित की बेटी अपने पिता के शिंकजे में पैर फंसाए फोटो और घायल अवस्था के फोटो के साथ न्याय की मांग की।

Shivam