बेटियों को पुलिस में भर्ती के लिए करें प्रेरित: खट्टर

7/19/2017 9:34:47 AM

चंडीगढ़ (संघी):हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से यहां उनके निवास पर श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की कई महिलाएं मिलने पहुंची व क्षेत्र के गांव बड़ागढ़ (शहजादपुर) में राजकीय कन्या महाविद्यालय खोलने व नारायणगढ़ में महिला थाना मंजूर करने के लिए आभार जताया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की पढ़ाई व सुरक्षा के प्रति संकल्पबद्ध है। बेटियों को उच्च शिक्षा देने के लिए हर 20 किलोमीटर की दूरी पर महिला महाविद्यालय खोले जा रहे हैं। 

प्रत्येक जिले में महिला थाना खोला जा चुका है और अब 8 उपमंडलों में भी सरकार ने मंजूरी दे दी है जिसमें नारायणगढ़ भी एक है। महिलाएं महिला थानों में अपने मन की बात बेझिझक कह सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 1000 महिला पुलिस कर्मचारियों की भर्ती की है तथा एक हजार और महिला कांस्टेबलों की भर्ती करने जा रही है। उन्होंने नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं से कहा कि वे भी अपनी बेटियों को पुलिस में भर्ती करवाने के लिए उनको प्रेरित करें। इस अवसर पर नायब सैनी की पत्नी सुमन सैनी, जिला परिषद नारायणगढ़ के चेयरमैन सुरेंद्र राणा, नगरपालिका चेयरपर्सन जगदीप कौर, नगरपालिका का वाइस चेयरमैन मोनिका अग्रवाल व नगर मंडल महिला मोर्चा की प्रधान सुषमा पॉल समेत कई महिला सरपंच मौजूद थीं।