Good bye 2017: विश्व में छाई हरियाणा की बेटियों ने चमकाया देश का नाम, जानें इनकी उपलब्धियां

12/30/2017 11:49:35 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): सारी दुनिया साल 2017 को अलविदा कहने जा रही है। इस साल विश्व स्तर पर कई महान हस्तियों ने विश्वस्तर पर देश का नाम रोशन किया है। इन्हीं महान हस्तियों में हरियाणा की होनहार बेटियां भी शामिल हैं। इनमें से विश्व सुंदरी का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर तो हैं साथ खेलों की दृष्टि से भी कई हस्तियों ने नाम कमाया है। हरियाणा पर भले ही दंगे-फसादों के दाग लगे हों, लेकिन इन सशक्त एवं सफल चेहरों ने हरियाणा को आगे ले जाने में कामयाब रहे।



विश्व सुंदरी बनी मानुषी छिल्लर, 17 साल बाद भारत का नाम चमका
हरियाणा की बेटी मानुषी छिल्लर ने देश 17 साल बाद मिस वल्र्ड का ताज लाकर दिया।  मानुषी का पैतृक गांव बामनौली झज्जर में है। वह सोनीपत के भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा हैं। उनकी ननिहाल रोहतक में है और माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। वह महिला स्वच्छता और सशक्तीकरण से जुड़े अभियान प्रोजेक्ट शक्ति भी चला रहीं हैं। हरियाणा सरकार ने भी इसे अपनाने की घोषणा की है। इस योजना के तहत ग्रामीण और वंचित तबके की महिलाओं को नैपकिन इस्तेमाल को उन तक पहुंचाने का काम वह कर रही हैं।


13 साल बाद महिला हॉकी एशिया कप जीता
इस साल नवंबर में जापान में हुए महिला हॉकी एशिया कप में हरियाणा के कुरुक्षेत्र की रानी रामपाल के नेतृत्व वाली भारतीय टीम चैंपियन बनी। जापान में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने चीन को 5-4 से हराया। इस टीम में हरियाणा की 7 खिलाडिय़ों ने भारत को जीत दिलाई। कप्तान रानी रामपाल के अलावा इस टीम में हरियाणा की नवजोत कौर, नवनीत, सोनिका, नेहा गोयल, मोनिका मलिक और गोलकीपर सविता पूनिया भी शामिल थी।


महिला कुश्ती चैंपियन बेटियों ने दिलाए 16 पदक
कॉमनवेल्थ रेसलिंग चैंपियनशिप में भारत की 20 पहलवानों में 16 हरियाणा की पहलवान बेटियों ने खेला।  सभी ने मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। इनमें ओलंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने गोल्ड मेडल जीता तो गीता फौगाट, विनेश फौगाट, रितु फौगाट भी गोल्ड जीतकर लाईं, जबकि इनकी चौथी बहन संगीता ने सिल्वर मेडल जीता।


WWE में पहुंचीं पहलवान कविता दलाल
जींद के मालवी गांव की बेटी मशहूर पहलवान कविता दलाल ने WWE में सेलेक्ट होकर इस साल इतिहास रच दिया। कविता वहां तक पहुंचने वाली देश की पहली महिला पहलवान हैं। कविता ने पेशेवर रेसलर बनने के लिए WWE चैंपियन रहे द ग्रेट खली के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ली है।


एवरेस्ट पर लिख डाला बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश

हिसार के गांव फरीदपुर की बेटी अनीता कुंडू ने इस साल एक बार फिर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी एवरेस्ट को फतह किया है। चीन की तरफ से एवरेस्ट को फतह करने वाली वे पहली भारतीय महिला बनीं। अनीता ने तिरंगा फहराकर हरियाणा का नाम रोशन किया। अनिता कुंडू ने अप्रैल की 11 तारीख को चीन की तरफ से चढ़ाई शुरू की थी। ग्रुप के 10 सदस्यों में अनिता एकमात्र महिला पर्वतारोही थी।



हरियाणा के बेटे भी नहीं कम: शूटिंग में अंकुर का रजत

हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले डबल ट्रैप राइफल के शूटर अंकुर मित्तल ने इस साल कई इतिहास रचे हैं। अंकुर ने दिल्ली में फरवरी में हुए वल्र्ड कप में रजत पदक जीता तो मैक्सिको के वल्र्ड कप में गोल्ड मेडल जीता था। वहीं मॉस्को सितंबर 2017 में हुई वल्र्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा। इन पदक के कारण ही अंकुर आईएसएसएफ, इंटरनेशनल शूटिंग स्पोट्र्स फेडरेशन की रैंकिंग में 2596 अंक लेकर दुनिया के नंबर वन शूटर बने।


क्रिकेट के अंडर-19 एशिया कप भारत के नाम
हरियाणा के सोनीपत के हिमांशु राणा को मलेशिया में खेले गए अंडर-19 क्रिकेट एशिया कप के लिए भारतीय टीम का कप्तान बनाया गया और उनके अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए अंडर-19 वल्र्ड कप में जगह मिली। हिमांशु ने रणजी ट्राफी के पिछले सीजन में कई शतक व अद्र्धशतक भी लगाए। भारतीय टीम में यजुवेंद्र चहल भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। अपनी फिरकी गेंदबाजी से श्रीलंकाई खिलाडिय़ों की गिल्लियां बिखेर दीं। चहल हरियाणा के जींद के रहने वाले हैं।


हरियाणा के 5 खिलाड़ी बने एशिया चैंपियन

ईरान में खेले गए कबड्डी एशिया कप में चैंपियन बनी भारतीय टीम में हरियाणा के पांच खिलाड़ी खेले और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम के कोच रामबीर सिंह खोखर रहे जो हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं और उनकी रणनीति ही टीम को चैंपियन बनाने में कामयाब रही। इसके अलावा प्रो कबड्डी लीग में पहली बार हरियाणा की टीम हरियाणा स्टीलर्स के नाम से खेली और हरियाणा में कबड्डी के क्रेज को देखते हुए प्रो कबड्डी लीग का मंच सोनीपत में तैयार किया गया।