नेपाल हिंसा में फंसी हरियाणा की बेटियां, वीडियो जारी कर कहा- प्लीज हमारी मदद करो...

punjabkesari.in Wednesday, Sep 10, 2025 - 06:21 PM (IST)

चंडीगढ़ : नेपाल में सोशल मीडिया बैन और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बीच हालात बिगड़ते जा रहे हैं। इसी दौरान दिल्ली की उपासना गिल अपनी टीम के साथ वहां फंस गई हैं। उपासना वॉलीबॉल लीग के दूसरे सीजन को होस्ट करने के लिए नेपाल गई थीं। उनकी टीम में हरियाणा के फरीदाबाद की लड़कियां भी शामिल हैं। मदद की गुहार लगाते हुए उपासना ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि वे गंभीर खतरे में हैं।

इस वीडियो के सामने आने के बाद हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि न केवल पोखरा, बल्कि अन्य इलाकों में भी हरियाणवी नागरिक फंसे हुए हैं, जिनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।

कहा- जान बचाकर निकलें हैं

उपासना ने वीडियो में बताया कि वह जिस होटल में ठहरी थीं, उसे आग लगा दी गई। घटना के समय वह स्पा में थीं और जैसे-तैसे जान बचाकर बाहर निकलीं। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी डंडों के साथ पीछा कर रहे थे। हालात इतने खराब हैं कि टूरिस्ट को भी नहीं बख्शा जा रहा और जगह-जगह आगजनी हो रही है। उपासना ने अपील की है कि यह संदेश जल्द से जल्द भारतीय दूतावास तक पहुंचाया जाए।

महिला आयोग ने अपने पत्र में 4 महत्वपूर्ण बिंदु रखे हैं। इसमें कहा गया है कि फंसे हुए भारतीयों की पहचान कर तुरंत राहत और सुरक्षित वापसी की व्यवस्था हो। विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से समन्वय बनाने की मांग की गई है। साथ ही महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया है ताकि किसी की जान खतरे में न पड़े।

PunjabKesari

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yakeen Kumar

Related News

static