यमुना नदी में मिले दो छात्रों के शव, परिजनों ने लगाया हत्या करने का आरोप

7/19/2021 4:45:09 PM

सोनीपत (पवन राठी): सोनीपत के गांव मीमारपुर घाट पर उस समय हड़कंप मच गया जब 2 छात्रों के शव युमना नदी से बरामद हुए। मृतक दोनों छात्र गांव उमेद गढ़ के ही रहने वाले थे। उनके परिजनों ने हत्या कर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिजनों ने नेशनल-44 पर कुछ समय के लिए शवो को भी रखकर जाम लगा दिया था। इसके बाद पुलिस के समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। मुरथल थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

गांव उमेद गढ़ के रहने वाले खुर्सीद का कहना है कि उनके बच्चे मोसिन 11वीं क्लास और अन्नू 9वीं क्लास मैं पढ़ाई करते थे। लॉकडाउन के चलते घर पर फ्री थे। जिसके चलते वह सनपेड़ा की फैक्ट्री में काम करने के लिए जाते थे। इस बीच एक दिन दोनों बच्चों को सनपेड़ा गांव के युवक घर से बुलाकर लेकर गए थे। उन्होंने कोई सूचना भी नहीं दी, जब शाम तक बच्चे घर नहीं लौटे तो बच्चों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान पता चला कि उनके बच्चे यमुना नदी में डूब गए हैं। जिसके बाद शवों को बरामद किया गया है। दोनों के शव पर चोट के निशान हैं। 

परिजनों का आरोप है कि सनपेड़ा के रहने वाले युवकों ने उनके दोनों बच्चों की हत्या कर नदी में फेंका है। वहीं पुलिस पर भी परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने भी समय रहते सही ढंग से कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने दोनों बच्चों के शव तलाशने में भी हमारी कोई मदद नहीं की और हमें ही गोताखोरों को बुलाना पड़ा, तब दोनों के शव मिले। 

उधर, जांच अधिकारी का कहना है कि दोनों बच्चों के चेहरे पर चोट के निशान नहीं मिले। परिजनों ने सनपेड़ा गांव के युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar