पशु अस्पताल में मिला शख्स का शव, मृतक की नहीं हो पाई पहचान

7/24/2021 5:00:39 PM

सोनीपत (पवन राठी): सोनीपत के गांव बड़खालसा के पशु अस्पताल में शख्स का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भिजवा दिया है। मृतक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस पहचान के लिए प्रयास कर रही है।

गांव बड़खालसा पशु अस्पताल में काम करने वाले डॉक्टर देवेंद्र ने बताया कि उनके पास अस्पताल का एडिशनल चार्ज है। बारिश के कारण यहां पर 5 फुट पानी भर जाता है। गांव में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। जिस कारण गलियों में पानी बहुत ज्यादा भर जाता है और उसी कारण पशु अस्पताल में भी पानी भरा हुआ है। उसी पानी में एक शख्स का शव बरामद हुआ है। मृतक गांव का नहीं है। ग्रामीणों ने बताया कि यहीं पर घूमता रहता था, लेकिन इसी को कोई नहीं जानता था। इस बारे पुलिस ने सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोनीपत भिजवा दिया है।

वहीं मौके पर पहुंचे पुलिस हेड कांस्टेबल राजकुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव बड़खालसा के पशु अस्पताल में एक शख्स का शव पड़ा हुआ है। पशु अस्पताल में पानी भरा हुआ है और इसी पानी में शख्स का शव भी बरामद हुआ है। जो मुंह के बल गिरा हुआ है। मृतक की अभी कोई पहचान नहीं हो पाई है। ग्रामीणों और आसपास पूछताछ की जा रही है।
 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar