कार में मिला युवक का शव, शरीर पर थे गोलियों के निशान (VIDEO)

1/1/2018 2:31:24 PM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): रोहतक के खेड़ी साध गांव में देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। आज सुबह युवक का शव गांव में एक कार में मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। युवक की तीन गोली मारकर हत्या की गई है। जांच के बाद पाया कि मृतक युवक के खिलाफ महिला के साथ छेड़खानी का मामला दर्ज है। हत्या के पीछे् यही कारण माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने 2 युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। 

जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र के रूप में हुई है। मृतक के खिलाफ एक युवती से छेड़खानी का मामला दर्ज है। वहीं मृतक का शव भी उसी महिला के घर के सामने कार में मिला। ये भी कहा जा रहा है कि रात को मृतक अौर उसके साथियों ने महिला के घर के सामने फायरिंग भी की थी। 

सांपला थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि युवक की 3 गोली मारकर कर हत्या की गई है। मामला किसी पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में पुछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकल कर आएंगे, उसी आधार पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि हत्या की घटना को अंजाम देने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भेज दिया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जिस तरह से शराब की बोतलें मिली हैं, उससे यह अंदाजा है कि ये लोग नए साल का कोई जश्न भी मना रहे थे।