डंपिंग ग्राउंड की खुदाई में भी नहीं मिला एडवोकेट की पत्नी का शव

1/20/2018 4:21:01 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): पंचकूला के सेक्टर-19 से गायब एडवोकेट मनमोहन सिंह की पत्नी का मामला उलझता जा रहा है। पुलिस को डंपिंग ग्राउंड में महिला की लाश दबे होने की सूचना मिली थी लेकिन जब उसकी खुदाई की गई तो वहां किसी जानवर का शव दबा हुआ मिला। डंपिंग ग्राउंड के नजदीक महिला का चप्पल मिलने से किसी ने पुलिस को यहां लाश दबी होने की सूचना दी थी। वहां पर महिला की चप्पल मिलने पर पुलिस की आशंका बढ़ गई है। 

वकील मनमोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी को सुबह वह अपने घर से कोर्ट के लिए चले गए थे। उस दौरान उनकी पत्नी रजनी बाला उर्फ नीतू घर पर ही थी। जिसने सुबह दोनों बेटों को स्कूल भेजा। जिसके बाद दोपहर पौने तीन बजे जब दोनों बच्चे स्कूल से घर आए तो उन्होंने फोन पर बताया कि उनकी मां घर पर नहीं हैं। 

पिता ने बच्चों को दिलासा दिया कि उनकी मां बाजार के काम से गई होगी, थोड़ी देर में आ जाएगी। उसके तकरीबन 1 घंटे बाद भी रजनी घर पर नहीं आई। वकील तुरंत कोर्ट से घर आया और रिश्तेदारों व अपने जानकारों से पता किया पर कुछ पता नहीं चला। शहर के अस्पतालों में भी कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरु कर दी थी और आज 4 दिन बाद महिला का शव डंपिंग ग्राउंड में दबा होने की सूचना मिली। जब खुदाई की गई तो वहां किसी जानवर का शव मिला।