डिवाइन सिटी के पास मिला युवक का शव, शरीर पर चोट के निशान

6/23/2017 4:24:12 PM

गोहाना(सुनील जिंदल):हाईवे पर डिवाइन सिटी के पास एक युवक का शव मिला है,। युवक के शव पर चोट के निशान हैं जिससे स्पष्ट है कि उसकी हत्या की गई है। युवक की पहचान पानीपत के तहसील कैम्प के पास विष्णु कालोनी निवासी हिमेश उर्फ हन्नी के रूप में हुई है। हन्नी ऑटो चालक बताया जा रहा है जो बुधवार को सुबह घर से निकला था। पुलिस ने एफ.एस.एल. टीम को मौके पर बुलाया और घटनास्थल से नमूने एकत्रित करवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सामान्य अस्पताल में भेज दिया। 

घटनास्थल पर पहुंचे डी.एस.पी. आर्यन चौधरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि डिवाइन सिटी के पास एक शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक का शव खून से लथपथ है और उसके शरीर पर चोट के निशान भी है। शव के पास में ही पत्थर भी पड़ा है जिस पर खून के निशान हैं। इससे अंदाजा लगाया गया है कि युवक की हत्या पत्थर मारकर की गई है। वहीं, पुलिस ने शव की पहचान पानीपत की तहसील कैम्प के पास विष्णु कालोनी निवासी हिमेश उर्फ हन्नी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

व्हाट्सएप पर फोटो वायरल हुआ तो परिजनों तक पहुंच गया
डिवाइन सिटी के पास मिले शव का फोटो कुछ ही देर में व्हाट्सएप पर वायरल हो गया। यह फोटो पानीपत में युवक के परिजनों के पास भी पहुंच गया। फोटो देखते ही परिजन पहचान गए और उन्होंने गन्नौर पुलिस से संपर्क कर जानकारी ली। पीड़ित परिजनों ने बताया कि हन्नी ऑटो चलाता है और वह ऑटो लेकर बुधवार सुबह निकला था। इसके बाद से वह घर नहीं लौटा था, जिसके कारण उन्हें आशंका हो रही थी। 

डी.एस.पी. आर्यन चौधरी ने कहा कि डिवाइन सिटी के पास शव मिलने की सूचना मिली थी। शव खून से लथपथ है और पास ही खून से सना पत्थर भी पड़ा मिला है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की हत्या पत्थर मारकर की गई है। मामला क्या है इसका पता लगाया जा रहा है।