अरावली पर्वत में मिला तीसरी कक्षा की छात्रा का शव, रेप के बाद हत्या की आशंका(VIDEO)

12/29/2019 12:13:43 AM

नूंह(अनिल मोहनिया): नूंह जिले में पडऩे वाली अरावली पर्वत की श्रृंखला में एक तीसरी कक्षा की छात्रा का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है बच्ची की रेप के बाद हत्या की गई है। बच्ची का शव नग्न अवस्था में खून से लथपथ मिला है। 

जानकारी के अनुसार गुरुवार को ठंड के चलते स्कूलों की छुट्टियाँ की हुई थी। तीसरी कक्षा की छात्रा अपने गांव के समीप स्थित अरावली पर्वत की श्रृंखला में अपनी बकरियों को ढूंढने के लिए चली गई। शाम होते देख लड़की के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों - ग्रामीणों ने लड़की की तलाश शुरू की। करीब 40-50 ग्रामीणों ने लड़की को टॉर्च इत्यादि लेकर खूब ढूंढा, लेकिन ज्यादा ठंड के सामने उनके हौंसले टूटने लगे तो निराश होकर लौट आए। 

शुक्रवार को दिन निकलते ही लड़की की तलाश अरावली पर्वत में फिर शुरू हुई तो घर से करीब तीन किलोमीटर दूर बच्ची का शव नग्न अवस्था में मिला। शव की हालत देखकर परिजनों-ग्रामीणों के पैरों तले की जमीन खिसक गई। रात्रि में ज्यादा ठंड होने से खून से सना लड़की का शव अकड़ा हुआ मिला। शव की हालत देखकर पुलिस को आशंका है कि किसी वहशी दरिंदे ने बच्ची के साथ रेप किया और बाद में उसकी चुन्नी से गला दबाकर उसकी जान ले ली। 

मामले जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी और पुलिस विभाग ने आला अधिकारियों को अवगत कराया। संदिग्धता देखते हुए एसपी संगीता कालिया फिरोजपुर झिरका पहुंची और घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने लड़की के शव को बरामद कर लिया है। पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया है। 

हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तथा पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी की बच्ची के साथ रेप हुआ या नहीं हुआ। साथ ही हत्या गला दबाकर की गई या शरीर पर कोई चोट के निशान भी मिली है। 

लोगों ने संदिग्ध को देखा लेकिन किसी को शक नहीं हुआ
मृतक बच्ची के गांव के लोगों ने गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति को अरावली से एक बकरी लेकर नीचे उतरते हुए देखा, लेकिन गुरुवार को फिरोजपुर झिरका शहर में लगने वाली पशु पैठ की वजह से ग्रामीणों ने अज्ञात व्यक्ति से कोई पूछताछ नहीं की। बच्ची का शव मिलने के बाद ग्रामीणों को शक है कि उनकी बेटी की हत्या बेरहमी से उसी शख्स ने की है। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत के बाद संदिग्ध की तलाश तेज कर दी है। 

Shivam