महिला की हत्या करके हाथ-पांव बांध कर रेलवे स्टेशन के पास फैंका शव

9/28/2019 12:31:34 PM

हिसार (ब्यूरो): किसी ने एक महिला की हत्या कर शव रायपुर रेल फाटक के पास सैक्टर 1-4 में सड़क किनारे फैंक दिया। पुलिस ने शुक्रवार को सुबह 6 बजे रजाई के कवर में बंधा शव बरामद किया। मृतका के हाथ-पैर बंधे हुए थे और शव को कुत्ते नोच रहे थे। मृतका की शिनाख्त नहीं हुई। एच.टी.एम. थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया है।

किसी राहगीर ने एच.टी.एम. थाना में फोन कर सूचना देकर बताया कि रायपुर रेलवे स्टेशन के पास रजाई के कवर में बंधा एक शव पड़ा है। थाना प्रभारी जगजीत सिंह और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने रजाई का कवर खोलकर देखा तो करीब 30 वर्षीय महिला का शव निकला। महिला के सिर पर पत्थरनुमा चीज से वार किया हुआ है और उसका निचले होठ का हिस्सा कटा हुआ था।

कपड़े से मृतका के हाथ-पैर बांध रखे थे। पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके का मुआयना कर शव कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके पर काफी लोगों को शव दिखाया, मगर मृतका की शिनाख्त नहीं हुई। बाद में पुलिस ने सिविल अस्पताल की मोर्चरी में शव भिजवा दिया। वहां डा. रीना जैन और डा. प्रेम अहलावत के बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया। टीम ने शव का विसरा लेकर जांच के लिए लैब में भेजा है। एच.टी.एम. थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या और शव खुर्द-बुर्द करने का केस दर्ज किया है।

Isha