मोरनी टी-प्वाइंट पर मिला महिला का शव, शरीर पर किए थे चाकुअों से कई वार

5/12/2017 6:42:17 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण):पंचकूला शहर इन दिनों क्राइम सिटी बनता जा रहा है। एक के बाद एक बड़ी वारदातें घट रही हैं। कुछ दिन पहले की अमित शर्मा के नाम के एक युवक पर करीब 12 गोलियां दागी गई और इससे पहले पंचकूला के सकेतड़ी में एक युवक की दर्दनाक हत्या कर दी गई।

पंचकूला के मोरनी टी-पॉइंट पर आज सुबह संदिग्ध हालत में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह शव पंचकूला से कुछ दूरी पर मोरनी हिल्स को जाने वाले रास्ते पर कार में पड़ा था। महिला के शव पर चाकुओं से कई बार वार किए गए थे।  

महिला की दर्दनाक हत्या के पीछे का मकसद का अभी तक पता नहीं चल पाया है। मृतक महिला की पहचान 35 वर्षीय रीना निवासी हिमाचल के रूप में हुई है और यह महिला पंचकूला के चंडी मंदिर में एक स्कूल में अध्यापिका थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचकूला के सैक्टर 6 स्थित नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पंचकूला चंडीमंदिर थाना पुलिस ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया है अौर हत्या की वारदात को सुलझाने के लिए जांच की जा रही है।