Online Admission: यूजी प्रथम वर्ष में फीस जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 4 अगस्त तक कर सकेंगे भुगतान
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 12:14 PM (IST)
डेस्क: प्रदेश के सरकारी, अनुदान प्राप्त (Aided) और स्ववित्तपोषित (Self-Financed) डिग्री कॉलेजों में स्नातक (UG) प्रथम वर्ष सत्र 2026-27 के दाखिले को लेकर उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। पहली मेरिट सूची के तहत फीस जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। छात्र-छात्राएं अब 4 अगस्त तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे। पहले इसके लिए अंतिम तिथि 28 जुलाई तय की गई थी।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों और विद्यार्थियों की तरफ से फीस जमा करने की समय सीमा बढ़ाने के लगातार अनुरोध मिल रहे थे। तकनीकी समस्याओं और छात्रों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पहली काउंसलिंग की फीस भरने की तारीख को 28 जुलाई से बढ़ाकर 4 अगस्त करने का निर्णय लिया है।संशोधित प्रवेश कार्यक्रम (Revised Schedule at a Glance)विभाग ने दाखिले की आगे की प्रक्रियाओं के लिए नया टाइमटेबल भी जारी कर दिया है।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दूसरी अस्थायी मेरिट सूची 5 अगस्त व अंतिम सूची 6 अगस्त को जारी होगी। दूसरी काउंसलिंग के लिए फीस 7 से 11 अगस्त तक जमा कराई जा सकेगी। इसके बाद बची सीटों के लिए 12 अगस्त से फिजिकल काउंसलिंग शुरू होगी। विभाग ने यह भी तय किया है कि 13 अगस्त को ऑनलाइन प्रवेश पोर्टल दोबारा खोला जाएगा ताकि विद्यार्थी नए पंजीकरण और आवेदन में संशोधन कर सकें।