सोनीपत में कोच पर जानलेवा हमला, मैदान में अभ्यास कर रहे किशोर को लगी गोली, 3 गंभीर रूप से घायल

11/18/2022 4:38:18 PM

सोनीपत(सन्नी): जिले के कुंडली थाना क्षेत्र के गांव नाहरी में कबड्डी के कोच पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कोच के ऊपर रॉड और डंडों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यही नहीं कोच के ऊपर गोली भी चलाई गई, जो मैदान में अभ्यास कर रहे एक खिलाड़ी को लग गई। वहीं हमलावर पक्ष का एक युवक भी गोली लगने से घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों पक्षों के कई युवक घायल हुए हैं। पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। 

 

10-12 हथियारबंद युवकों ने कोच पर डंड़ों और रॉड से किया हमला

 

गांव नाहरी के रहने वाले सुमित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह कबड्डी नर्सरी में कोच हैं। उनकी नियुक्ति गांव की आदर्श युवा खेल एवं विकास समिति द्वारा की गई थी। वह कोचिंग कराने के लिए कम्युनिटी हाल में गए थे। इसी दौरान 10-12 हथियारबंद युवक वहां पहुंचे और उसके ऊपर हमला बोल दिया। उन्होंने कोच को पिस्टल की बट, डंड़ों और रॉड से पीटना शुरू कर दिया। इस बीच जब कोच ने भागने का प्रयास किया तो एक हमलावरों ने गोली चला दी। वह गोली कोच की बजाए मैदान में प्रेक्टिस कर रहे किशोर हर्ष को लगी। उसके बाद हमलावरों ने कोच सुमित को पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुमित ने बताया कि हमलावरों में उनके गांव का ऋतिक उर्फ भोला भी शामिल था। हमला करके भागने के दौरान हमलावर भोला का एक साथी पत्थरों पर गिर गया, जिससे वह भी चोटिल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल कोच और खिलाड़ी किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।  

 

घायल हमलावर की मां ने भी पुलिस को दी शिकायत

 

हमलावरों के घायल साथी की मां नीलम ने भी पुलिस को एक शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह गांव जाटीकलां की रहने वाली है और आजकल दिल्ली के नरेला में किराए पर रहती हैं। उनका बेटा साहिल गुरुवार शाम को नाहरी आया था। उसने कहा था कि वह अपने दोस्त ऋतिक से मिलने जा रहा है। रात को सूचना मिली कि ऋतिक घायल हो गया है। वह अस्पताल में पहुंची तो देखा कि ऋतिक गंभीर हालत में भर्ती था। पुलिस ने नीलम की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस इसे लेकर भी जांच कर रही है कि साहिल को कोच के साथियों की ओर से चलाई हुई गोली लगी है या अपने साथियों की गोली लगने से ही वह घायल हुआ है। 

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

Content Writer

Gourav Chouhan