पालीथिन का प्रयोग रोकने गई निगम की टीम पर जानलेवा हमला

2/6/2020 11:52:54 AM

यमुनानगर (त्यागी) : पालीथिन बिक्री व प्रयोग पर अंकुश लगाने गई नगर निगम की टीम पर सब्जी वैंडरों ने हमला बोल दिया। आई.टी.आई. के सामने अवैध रूप से लग रही सब्जी मंडी में यह घटना घटी और देखते ही देखते यहां हजारों की संख्या में लोग इक_ा हो गए। मामले की सूचना पुलिस तक पहुंची। गांधी नगर व थाना फर्कपुर से पुलिस मौके पर पहुंची व नगर निगम के उच्चाधिकारी भी जानकारी मिलने के बाद यहां पहुंचे। नगर निगम द्वारा मौके पर कार्रवाई करते हुए पूरे मैदान को सब्जी की रेहडिय़ों से मुक्त करवा लिया गया है और हमलावरों की पहचान की जा रही है। इस मैदान में अवैध रूप से सैंकड़ों रेहडिय़ां सब्जी की लगती थी, लेकिन अब पूर्ण रूप से इस मैदान को साफ करवाने का काम किया गया है। यहां लगे सभी बोर्ड, तम्बू, रेहडिय़ों आदि यहां से हटवा दी गई हैं। पुलिस व अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम जैसे ही नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी सामान्य रूप से पालीथिन पर प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से मौके पर पहुंचे तो इन्हें देखते ही उन्होंने इन अधिकारियों का विरोध करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते इन पर हमला बोल दिया। हमले में जमकर धक्का मुक्की हुई और कुछ गुम चोटें भी अधिकारियों को आई। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस व नगर निगम के उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में इस घटना को लेकर हड़कंप मच गया और देखते ही देखते भारी संख्या में लोग भी यहां जमा हो गए। 

वर्कशाप रोड पर आई.टी.आई. के सामने लगाई जा रही इस मंडी में हो रही कार्रवाई के चलते वर्कशाप रोड पर यातायात भी बाधित हुआ, लेकिन कार्रवाई चलती रही। गौरतलब है कि आए दिन नगर निगम अधिकारी व कर्मचारी पालीथिन को लेकर सख्त रवैया अपनाए हुए हैं और कहीं न कहीं छापामार कार्रवाई की जाती है। कभी किसी स्टोर पर तो कभी रेहडिय़ों पर इस प्रकार की कार्रवाई को अंजाम दिया जाता है। मंडी में अक्सर नगर निगम अधिकारी सुबह के समय पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम देते हैं। आई.टी.आई. के समक्ष लेबर कालोनी में लगने वाली यह मंडी जिसे रेहड़ी मंडी कहा जाता है शाम को ही लगती है और भारी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं।

 निगम अधिकारियों को सूचना मिली थी कि यहां पर जमकर पालीथिन का प्रयोग हो रहा है और सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सूचना मिलने के बाद नगर निगम अधिकारी यहां पहुंचे तो उनका विरोध करते हुए उन पर हमला बोल दिया गया, जिसका परिणाम यह हुआ कि यहां से तमाम रेहडिय़ों का हटवा दिया गया है और पूरे मैदान को खाली कर दिया गया। नगर निगम द्वारा इस दिशा में पुलिस को शिकायत की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान करके उन पर कार्रवाई की जा सके। समाचार लिखे जाने तक इस मंडी को हटाने की कार्रवाई जारी थी और अधिकारी व भारी संख्या में पुलिस बल यहां मौजूद था। 
 

Isha