चौटाला गांव में हुई महापंचायत में लिया दिल्ली कूच का फैसला, राजस्थान के किसान भी हुए शामिल

2/4/2021 9:59:50 AM

डबवाली : गांव चौटाला में किसानों की एक पंचायत का आयोजन हुआ। इस किसान महापंचायत में बड़ी संख्या में दिल्ली कूच का फैसला किया गया। महापंचायत में बड़ी संख्या में समीपवर्ती राजस्थान के विभिन्न गांवों के किसान भी शिरकत करने पहुंचे। महापंचायत में दिल्ली कूच के अलावा 6 फरवरी को देश भर में होने वाले चक्का जाम को सफल बनाने का निर्णय लिया। इस दौरान किसानों में मोदी सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ भारी गुस्सा देखने को मिला। 

चौटाला के पास करेंगे हाई-वे जाम
पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. ताऊ देवीलाल के पौते रवि चौटाला ने कहा कि 6 फरवरी को नए खेती कानूनोंं के विरोध में देश भर में चक्का जाम का किसान यूनियनों की तरफ फैसला लिया गया है। रवि ने कहा कि गांव चौटाला के किसान यूनियनों के इस फैसले के समर्थन में 6 फरवरी को डबवाली-हनुमानगढ़ रोड का हाई-वे गांव चौटाला के पास जाम करेंगे। इस दौरान मोदी सरकार के खिलाफ किसान प्रदर्शन भी करेंगे। रवि चौटाला ने कहा कि मोदी सरकार अगर वाकई किसान हितैषी है तो वह तुरंत प्रभाव से किसान विरोधी तीनों नए खेती कानूनों को रद्द करके एम.एस.पी. का कानून बनाए। रवि ने कहा कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों को नहीं माना तो किसान आंदोलन और अधिक तेज होगा।

किसानी के झंडे के नीचे जारी रहेगा आंदोलन
किसान नेता दयाराम उलानिया ने किसान महापंचायत को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानी के झंडे के नीचे ही किसान आंदोलन करेंगे। उलानिया ने कहा कि चौटाला गांव के किसान पहले दिन से ही इस किसान आंदोलन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष में शामिल है। चौटाला गांव के किसान पहले ही बड़ी संख्या में दिल्ली बार्डर पर टिकरी में अपना पंडाल लगाकर खेती कानूनों के विरोध में धरना दिया। इसके अलावा चौटाला गांव से आंदोलन के लिए रसद सामग्री की भी बड़ी खेप दिल्ली भेजी गई थी। भविष्य में चौटाला गांव के किसान दिल्ली बार्डर पर बड़ी संख्या में कूच करेंगे। 

Manisha rana