प्रदेश स्तरीय सिख कांफ्रैंस में लिया नया सिख संगठन बनाने का निर्णय

7/25/2017 7:36:03 AM

कुरुक्षेत्र (धमीजा):कंबोज धर्मशाला कुरुक्षेत्र में हुई प्रदेश स्तरीय सिख कांफ्रैंस में हरियाणा के सिखों के धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक अधिकारों की रक्षा हेतु नया सिख संगठन बनाने का निर्णय लिया गया। इतना ही नहीं, हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के वरिष्ठ उप प्रधान दीदार सिंह नलवी को इसका कार्यकारी अध्यक्ष और मोहनजीत सिंह पानीपत को प्रदेश महासचिव मनोनीत कर दिया गया है।

कांफ्रैंस में प्रदेश भर से आए सिख डैलीगेट्स ने इन दोनों नेताओं को नए संगठन का नाम रखने, संविधान बनाने और पंजीकरण करवाने के अलावा 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित करने के अधिकार भी सौंपे दिए हैं। चयन के तुरंत बाद दीदार सिंह नलवी ने घोषणा की कि वह 2 सप्ताह के भीतर ही नए संगठन का नाम और संविधान का विधिवत ऐलान कर देंगे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए दीदार सिंह नलवी ने बताया कि यह संगठन पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा और केवल हरियाणा के गुरुद्वारा साहिबान के प्रबंध सम्भालेगा। उन्होंने बताया कि नया संगठन प्रदेश भर के सिखों का प्रतिनिधित्व करेगा और हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी के चुनाव में उम्मीदवार खड़े करेगा। इससे हरियाणा के गुरुद्वारा साहिबान को राजनीतिक नेताओं से मुक्ति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी एक्ट-2014 को सुप्रीम कोर्ट में दी गई चुनौती के मामले में 22 अगस्त 2017 को सुनवाई है और उन्हें विश्वास है कि यह निर्णय हरियाणा के सिखों के पक्ष में आएगा। नलवी ने तो यहां तक दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आते ही यह नया संगठन गुरुद्वारा साहिबान का प्रबंध सम्भालेगा। उन्होंने बताया कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी श्री अमृतसर और दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी में राजनीतिक दखलअंदाजी के चलते प्रधान व कार्यकारिणी सदस्यों के नाम राजनेता की जेब से निकलते हैं जबकि हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमैंट कमेटी में ऐसा हरगिज नहीं होगा।