आयोग के खिलाफ मुखर हुआ ब्राह्मण संगठन, आर-पार की लड़ाई का किया ऐलान

5/11/2018 9:27:00 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की जे.ई. परीक्षा में ब्राह्मण समाज से सम्बंधित गलत सवाल पूछने के मामले में अब ब्राह्मण समाज पूरी तरह से फ्रंट फुट पर आ गया है। ब्राह्मण नेताओं ने कहा कि जब तक सरकार आयोग के चेयरमैन भारत भूषण भारती सहित सभी सदस्यों का इस्तीफा नहीं लेती है तब तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। 

उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री के विदेश दौरे से वापस आने का इंतजार कर रहे हैं जिसके बाद वह मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगे। यदि मुख्यमंत्री उनकी मांग मान लेते हैं तो ठीक होगा, अन्यथा ब्राह्मण समाज कोर्ट से लेकर सड़कों पर लड़ाई के लिए तैयार है। वीरवार को चंडीगढ़ प्रैस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश के विभिन्न जिलों से ब्राह्मण नेताओं ने अपने विचार रखे। 

ब्राह्मण नेता संजीव भारद्वाज, सुधा भारद्वाज, संतोष शर्मा, जगदीश अत्री, रमेश हरियाणवी, आजाद अत्री और एडवोकेट नवदीप शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण को भगवान ने अपने से ऊपर का दर्जा दिया है और आज इस भाजपा सरकार के अंदर ब्राह्मण जाति पर ही न केवल ब्राह्मण लड़की पर भी अंगुली उठाने का कार्य किया है।

इस निंदनीय कार्य के लिए ब्राह्मण समाज हमारे हरियाणा के मुख्यमंत्री साहब से निवेदन करते है कि या तो वह इस परीक्षा को बनाने वाले अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करे या मुख्यमंत्री हमारे प्रश्नों का हमें सम्मानित जवाब दें। 

विदेश दौर से आने के बाद अगर हमारे प्रश्नों का उचित जवाब न मिला या उस अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई तो देश प्रदेश के सभी ब्राह्मण समाज के लोग एकत्रित होकर इस विरोध प्रदर्शन को आगे बढ़ाएंगे। संजीव भारद्वाज ने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी विशेष की लड़ाई न होकर 36 बिरादरी की और सर्व नारी शक्ति की लड़ाई है। 


 

Rakhi Yadav