ये समय कांग्रेस बनाम भाजपा, सत्तापक्ष बनाम विपक्ष का नहीं है: दीपेंद्र सिंह हुड्डा

4/23/2020 11:08:17 PM

चंडीगढ़ (धरणी): ये समय कांग्रेस बनाम भाजपा, सत्तापक्ष बनाम विपक्ष का नहीं है। ये समय मानवता बनाम कोरोना और भारतवर्ष बनाम कोरोना की लड़ाई का है। ये राजनीति का नहीं, देशधर्म निभाने का समय है। ये सामर्थ अनुसार सेवा का समय है। ये कहना है राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का। 

दरअसल, इन दिनों सोशल मीडिया पर ख़ूब चर्चे हैं कि दूसरे प्रदेशों के बीजेपी नेता भी हरियाणा में फंसे अपने प्रदेश के लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए दीपेंद्र हुड्डा से अपील कर रहे हैं। दीपेंद्र भी उनकी अपील का संज्ञान लेते हुए यहां फंसे लोगों की मदद कर रहे हैं। ऐसी ही चर्चा का जवाब देते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने ट्वीटर पर लिखा कि ये समय राजनीति से ऊपर उठकर देशधर्म के पालन और कोरोना के खिलाफ लडऩे का है। इस वक्त सत्तापक्ष और विपक्ष को एक-दूसरे से नहीं बल्कि मिलकर कोरोना से लडऩा चाहिए। 
 

गौरतलब है कि लॉकडाउन के बाद से ही दीपेंद्र हुड्डा लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद में जुटे हुए हैं। उन्होंने पूरे हरियाणा में अपने कार्यकर्ताओं को तैनात कर रखा है। उनके निर्देश पर कई कांग्रेस विधायक, यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के हजारों कार्यकर्ता लोगों की मदद कर रहे हैं। दीपेंद्र हरियाणा ही नहीं, दूसरे प्रदेशों में फंसे हरियाणवियों तक भी मदद पहुंचा रहे हैं। साथ ही वो हरियाणा में फंसे दूसरे प्रदेशों के लोगों का भी सहारा बन रहे हैं। 
 

दीपेंद्र के एक निर्देश पर मिनटों के हिसाब से जरूरतों तक मदद पहुंच रही है। अब तक उनकी टीम हजारों लोगों तक खाना, राशन, मास्क और सैनेटाइजऱ पहुंचा चुकी है। ये काम लगातार जारी है। दीपेंद्र की ट्विटर टाइमलाइन पर नजर दौड़ाएं तो उन्हें रोज सैंकड़ों लोग टैग कर मदद मांग रहे हैं। रात के 2 बजे हों या सुबह के 5 दीपेंद्र हर ट्वीट का जवाब देते हैं और अपनी टीम को उनसे संपर्क कर सहायता पहुंचाने का निर्देश देते हैं। 

शायद यही वजह है कि झारखंड के गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे और बिहार के औरंगाबाद से बीजेपी सांसद सुशील कुमार सिंह ने हरियाणा में फंसे अपने प्रदेश के लोगों की मदद के लिए बीजेपी की सरकार से नहीं, दीपेंद्र से अपील की। दीपेंद्र ने भी फ़ौरन इसका संज्ञान लेते हुए उनके लोगों की सहायता की। ट्विटर पर विरोधी दलों के नेताओं का ये संवाद निश्चित ही राजनीति का सकारात्मक रूप पेश कर रहा है। दीपेंद्र के इस रवैये की सोशल मीडिया पर ख़ूब तारीफ हो रही है। कांग्रेस ही नहीं, बीजेपी के समर्थक भी इसकी सराहना कर रहे हैं। 

दीपेंद्र की टाइमलाइन को और खंगालने पर पता चला कि इससे पहले बिहार से राजद नेता तेजस्वी यादव और झारखंड सरकार में मंत्री बादल पत्रलेख के अनुरोध पर भी दीपेंद्र ने कई लोगों तक मदद पहुंचाई। इतना ही नहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू ने भी ज़रूरतमंदों की मदद के लिए दीपेंद्र से ही संवाद साधा। दूसरे राज्यों के कई विधायक और सांसद, हरियाणा में फंसे अपने प्रदेश के लोगों की मदद के लिए दीपेंद्र को याद कर चुके हैं।  

ख़ुद दीपेंद्र ने भी दूसरे राज्यों में फंसे कई युवाओं तक मदद पहुंचाई है। उन्होंने बैंगलोर में फंसे हिसार, झज्जर और रोहतक के युवाओं तक कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार के ज़रिए  मदद पहुंचाई। इसी तरह राजस्थान, महाराष्ट्र और दूसरे प्रदेशों में फंसे हरियाणवियों के लिए उन्होंने वहां के नेताओं से संपर्क साधा। दीपेंद्र परदेस में भी हरियाणवियों के लिए मददगार साबित हो रहे हैं। 
दीपेंद्र का अपनी टीम को स्पष्ट निर्देश है कि उनकी जानकारी में कोई शख्स भूखा या बेघर नहीं रहना चाहिए। कोरोना से लडऩा सिर्फ़ सरकार की नहीं, हम सबकी ज़िम्मेदारी है। इसलिए टीम को हरेक इंसान की मदद करनी है, चाहे वो किसी भी दल या विचारधारा का समर्थक हो।

Shivam