विधानसभा चुनाव में ऐसी पटखनी देंगे कि भाजपा को समझ में नहीं आएगा: दीपेन्द्र

10/14/2019 10:51:38 PM

रोहतक (दीपक भारद्वाज): अपने पिता का चुनाव प्रचार करने पहुंचे पूर्व सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि इस विधानसभा चुनाव में ऐसी पटकनी देंगे कि भाजपा को समझ में नहीं आएगा। दीपेंद्र हुड्डा गढ़ी सांपला किलोई विधानसभा के लाढोत गांव में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने कहा कि 24 अक्टूबर के चुनावी नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा रोहतक सोनीपत लोकसभा की सभी विधानसभा सीटों की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है, इन सभी सीटों पर कांग्रेस जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले 1 महीने में पूरे प्रदेश में कांग्रेस का ग्राफ काफी बढ़ा है और 24 अक्टूबर को नतीजों के बाद कांग्रेस पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। 

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि अबकी बार विधानसभा में ऐसी पटकनी देंगे कि भाजपा देखती रह जाएगी। भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ एक गुब्बारे में हवा भरी है और वह दुबारा झूठे वायदों से फूलता जा रहा है और जनता 21 अक्टूबर को इस गुब्बारे को फोड़ देगी।

पूर्व सांसद ने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनावी घोषणा पत्र में जितने वायदे किए थे उनमें से एक भी वायदा पूरा नहीं किया। जनता उनसे जवाब चाहती है। लेकिन भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। आखिर जिन अच्छे दिनों का वायदा भाजपा ने किया था, वह अच्छे दिन कहां है। जहां तक कांग्रेस पार्टी की बात है तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा के शासनकाल में उन्होंने अपने सभी वायदे पूरे किए थे।

Shivam