भाजपा ने रोकी विकास की गति, प्रदेश में बनेगी कांग्रेस की सरकार: दीपेंद्र हुड्डा

9/13/2019 8:32:20 PM

झज्जर (प्रवीण धनखड़): हरियाणा की भाजपा सरकार ने प्रदेश की विकास की गति को रोक दिया है, इस बार विधानसभा चुनाव में अप्रत्याशित नतीजे सामने आएंगे। प्रदेश में भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी। यह कहना है पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा का। वे आज सांपला में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने भाजपा के नेताओं पर प्रदेश का भाईचारा तोडऩे का भी आरोप लगाया।

हुड्डा ने कहा की भाजपा ने प्रदेश के विकास की गति को रोक दिया है। कोई भी निवेश इस 5 साल की सरकार के दौरान प्रदेश में नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल प्रदेश का भाईचारा तोडऩे का काम किया है और स्थिति यह हो गई है कि भाजपा के नेता अहंकार में सत्ता चला रहे हैं। जिसका नतीजा चरखी दादरी में देखने को मिला, जहां किसान इतने दिन से धरने पर बैठे हैं और किसान की मौत भी हुई, लेकिन उनकी बात कोई सुनने वाला नहीं है। 

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश से चलता करें। इस बार विधानसभा चुनाव में भी अप्रत्याशित नतीजे सामने आएंगे और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार प्रदेश में बनेगी।

Shivam