दिल्ली HC ने मन्नत ढाबा ब्रांड का नाम इस्तेमाल करने वाले नकलचियों पर लगाई रोक, जानिए पूरा मामला

1/28/2024 10:22:22 AM

गन्नौर (कपिल शर्मा) : हरियाणा के सोनीपत जिले के मुरथल के प्रसिद्ध मन्नत ब्रांड का देश के कई हिस्सों में मिलते जुलते नामों से इस्तेमाल होने लगा था। मन्नत की नकल कर भ्रमित किया जा रहा था। मन्नत ग्रुप के प्रतिनिधियों ने इसके खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में अर्जी दायर की थी, जिस पर फैसला सुनाते हुए दिल्ली उच्च न्यायालय ने मन्नत से मिलते जुलते नामों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। यदि किसी ने इस ब्रांड से मिलते जुलते नाम इस्तेमाल किए तो यह विशेष मालिकाना अधिकारों का उल्लंघन होगा। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए फैसले में बताया गया है कि अन्य भोजनालयों द्वारा मुरथल के मन्नत ढाबा ब्रांड नाम के उपयोग पर रोक लगा दी गई है।

मन्नत ग्रुप के एमडी वीरेंद्र कादियान ने बताया कि उनके मन्नत नाम से अलग-अलग प्रदेशों व शहरों में कई ढाबे व होटल चल रहे है। उनके ब्रांड को कई लोग इस्तेमाल कर रहे थे जिस वजह से उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा था। उन्होंने अदालत में अर्जी दायर की थी कि बहुत से ढाबा संचालक अपने प्रतिष्ठानों को मन्नत ढाबा, न्यू मन्नत ढाबा, श्री मन्नत ढाबा, अपना मन्नत ढाबा आदि नामों से चला रहे हैं और उनमें से कुछ अब रिब्रांड बनाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके आउटलेट पर ये नाम लिए हुए हैं। 

अदालत ने कहा है कि मन्नत ब्रांड का नाम दूसरे प्रतिष्ठानों के लिए उपयोग करने पर रोक लगा दी गई है। मन्नत ढाबा, श्री मन्नत ढाबा, न्यू मन्नत ढाबा, अपना मन्नत ढाबा वगैरह या कोई अन्य चिह्न या व्यापार संकेत जो प्रसिद्ध और पंजीकृत ट्रेडमार्क के समान या भ्रामक रूप से समान है, उसका इस्तेमाल अब नहीं किया जा सकेगा। 

बता दें कि मुरथल के प्रसिद्ध मन्नत ढाबा ग्रुप वर्ष 2008 से चल रहा है, जो अब एक चेन का रूप धारण कर चुका है। प्रसिद्ध ब्रांड होने के कारण कुछ लोगों ने अपना व्यापार चलाने के लिए मन्नत से मिलते जुलते नामों का इस्तेमाल शुरु कर दिया था। यही कारण है कि मन्नत ग्रुप को इस मामले में अदालत की शरण लेनी पड़ी। अब अदालत ने मन्नत ग्रुप के पक्ष में फैसला सुनाकर उन्हें राहत दी है।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana