मांगे पूरी न होने पर होमगार्डों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

4/21/2018 12:03:03 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो): हरियाणा सरकार द्वारा मांगें पूरी न किए जाने के विरोध में नैशनल होमगार्ड एसोसिएशन के चेयरमैन अविनाश सिंह शर्मा के नेतृत्व में हरियाणा होमगार्ड के महिला एवं पुरुष जवानों ने चंडीगढ़ सेक्टर-17 स्थित डी.जी.पी. कमांडेंट हरियाणा होमगार्ड के कार्यालय के बाहर रोष प्रदर्शन किया। होमगार्ड जवान हाथों में खाली थाली एवं चम्मच बजाकर अपने भूखे रहने का इशारों से सरकार के खिलाफ विरोध को दर्ज करवा रहे थे। जवानों के हाथों में तख्तियां में नारे-समान कार्य समान वेतन लागू करो, सर्वोच्च न्यायलय के आदेश का सम्मान करो, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अगर सच तो महिला जवानों को सम्मान दो, आजाद भारत में होमगार्ड जवानों का शोषण बंद करो, जवानों को 365 दिन ड्यूटी दो के नारे लिखे थे।

यही नारे बार-बार दोहरा रहे थे। होमगार्ड जवानों की मुख्य मांगों में महिला होम गार्ड जवानों को मातृत्व अवकाश एवं भत्ता दिए जाने, 365 दिन की नियमित ड्यूटी मांग व बर्खास्त जवानों की वापसी भी शामिल है। अविनाश सिंह शर्मा ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार सर्वोच्च न्यायलय के आदेश को नहीं लागू कर जवानों का शोषण कर रही है। महिला जवानों को गर्भवती अवस्था में कोई मातृत्व अवकाश भत्ता नहीं दिया जा रहा है। जवानों को महीने में 7 से 8 दिन ड्यूटी मिलती है। हरियाणा होम गार्ड के ए.डी.जी. संजीव कुमार जैन ने प्रदर्शन स्थल पर आकर मांग पत्र लेकर मांगों को पूरी करने का आश्वासन दिया।
 

Deepak Paul