लखीमपुर खीरी में हिंसा के बाद हरियाणा में उबाल, सड़कों पर उतरे किसान

10/4/2021 12:12:14 PM

हरियाणा टीम: उतर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के बाद किसान भड़क गए हैं। इस हिंसा के विरोध में हरियाणा के किसान सड़कों पर उतर आए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान के बाद किसान जगह-जगह प्रदर्शन कर रहे हैं। जींद में जहां किसानों ने जींद-हिसार रोड पर जाम कर दिया, तो वहीं चरखी दादरी में किसानों बैरिकेड तोड़ डाले।  



संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर दादरी में किसान संगठनों ने शहर में प्रदर्शन किया। इसके बाद जब वह उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरने देने के लिए पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेड लगा दिए, लेकिन किसान बैरिकेड तोड़कर अंदर घुस गए। वहीं गोहाना में किसानों व सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन कर उतर प्रदेश सरकार का पुतला फूंक कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। 



धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आज लखीमपुर घटना को लेकर सिख समुदाय के लोग सड़कों पर उतरे। उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पीएम मोदी का पुतला भी फूंका। सिख नेता कंवलजीत सिंह अजराना ने बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आज हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार का डटकर विरोध किया जाएगा।  



उन्होंने कहा कि बड़ी शहादतों के उपरांत हमें आजादी मिली थी और इस आजादी में किसानों के अहम योगदान को भुलाया जा रहा है। कभी किसानों को आतंकवादी तो कभी किसानों को खालिस्तानी बताया जाता है। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में हुई घटना तो सब मामलों की अति ही कह सकते हैं जिसमे शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे किसानों को गाड़ियों के नीचे कुचला गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अब गांधीवादी तरीके की जगह भगत सिंह के तरीके से प्रदर्शन किया जाएगा।

Content Writer

vinod kumar