फसल अवशेषों में आग लगाने वाले किसानों पर कृषि विभाग ने कसा शिकंजा, वसूला जुर्माना

10/13/2020 3:26:42 PM

करनाल (केसी आर्या): करनाल में किसानों द्वारा फसल कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों में आग लगाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। जिला में कृषि विभाग ने अब तक 233 ऐसी लोकेशन को ट्रेस किया है, जहां किसानों ने अपने खेतों में अवशेषों में आग लगाई है। इस पर कृषि विभाग ने 150 किसानों से जुर्माना वसूला है।  कृषि विभाग ने 2 मामले भी दर्ज कराएं है।

बता दें कि जिन किसानों ने कृषि विभाग के कर्मचारियों के साथ दो दिन पहले मारपीट की थी, कृषि विभाग द्वारा 2500 रुपये पर एकड़ के हिसाब से किसानों से जुर्माना वसूला किया गया है। लेकिन किसान लगातार फसल अवशेषों में आग लगाकर प्रदूषण फैलाने का काम कर रहे है। जहां सरकार व जिला प्रशासन द्वारा फसल अवशेषों में आग पर सख्ती बरती जा रही है। वहीं कुछ किसान लगातार फसल अवशेषों में आग लगाने से नहीं मान रहे है। 

किसानों द्वारा लगातार अवशेषों में आग लगाने से निकलने वाले धुएं के कारण सांस के मरीजों को सांस लेने में काफी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कोरोना महामारी के बढ़ने के आसार भी बढ़ गए हैं। जोकि चिंता का विषय है। इसकी चिंता स्वास्थ्य विभाग ने भी जताई है। करनाल के सिविल सर्जन डॉक्टर योगेश शर्मा ने कहा इस समय कोरोना महामारी चल रही है, अगर ऐसे समय में किसी भी कारण से वातावरण में प्रदूषण फैलता तो आने वाले दिनों में कोरोना के मामले बढ़ने के आसार हैं।  

vinod kumar