डैमेज कंट्रोल में जुटे उपमुख्यमंत्री : 3 साल की रजिस्ट्रियों की जांच के दिए निर्देश

8/17/2020 11:27:15 AM

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला रजिस्ट्री और अन्य घोटालों को लेकर सवालिया निशान उठने से अब डैमेज कंट्रोल में जुट गए हैं। उन्होंने रजिस्ट्रियों से संबंधित नए जांच आदेश जारी किए हैं। आदेशों में 3 वर्ष की रजिस्ट्रियों की जांच कर उपायुक्तों से 31 अगस्त तक रिपोर्ट तलब की गई है। इसके तहत अप्रैल, 2017 से दिसम्बर, 2019 तक हर तहसील में रजिस्ट्रियों की जांच होगी।

गौरतलब है कि मनोहर सरकार के पहले कार्यकाल में कै. अभिमन्यु राजस्व मंत्री थे। कोई गड़बड़ी पाई जाती है मामले में प्रदेश की राजनीतिक में नई गर्माहट पैदा होगी। मंडलायुक्तों ने जिला उपायुक्तों और उन्होंने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब कर ली है। डिप्टी सी.एम. के आदेशों में रजिस्ट्रियों में कानून की धारा 7(ए) का कितना उल्लंघन हुआ है, इस संबंधी रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है।

अन्य विभागों पर भी गिर सकती है गाज
बता दें कि लॉकडाऊन दौरान रजिस्ट्रियों में गड़बड़ी की बातें जब उठी तो मुख्यमंत्री से लेकर उपमुख्यमंत्री तक यह बातें पहुंचाई गई कि यह कोई नया खेल नहीं है और लंबे समय से चल रहा है। इसके चलते 3 वर्ष की रजिस्ट्रियों की जांच करवाने का निर्णय हुआ। राजस्व अधिकारियों ने सरकार तक यह बात पहुंचाई कि गलत रजिस्ट्रियां हुई हैं या अवैध कालोनियां कटी गई हैं तो अकेले उनकी गलती नहीं है। अन्य विभागों, जिसमें नगर एवं आयोजना और स्थानीय निकाय विभाग भी शामिल है और ऊपर से नेताओं के दबाब रहते हैं जिसके चलते सारा खेल चलता है। हालांकि सरकार ने सॉफ्टवेयर तैयार कर लिया है, जिसमें गलत या पूरे कागजात न होने स्थिति में सॉफ्टवेयर काम ही नहीं करेगा। रजिस्ट्री होने पर संबंधित व्यक्ति के घर पहुंच जाएगी।

Edited By

Manisha rana