अमित शाह से मिलने पहुंचे दुष्यंत, हरियाणा की राजनीति व बरोदा उपचुनाव को लेकर हो रही चर्चा: सूत्र

7/12/2020 7:28:18 PM

दिल्ली (कमल कांसल): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बाद आज उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात में राजनीति और बरोदा उपचुनाव को लेकर चर्चा हो रही है। इसके साथ कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। इससे पहले सीएम खट्टर ने गृह मंत्री से मुलाकात की थी। 

बता दें कि हरियाणा में चेयरमैन सहित कई राजनीतिक पदों पर नियुक्तियां होनी है। इसमें सबसे अहम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पद है। इसको लेकर काफी दिनों से मंथन चल रहा है। लगातार बैठकें हो रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा व कई अन्य कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं।

हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष के लिए भी नाम का ऐलान होने वाला है। वहीं बरोदा उपचुनाव को लेकर भी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। यह मुलाकात इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को लेकर घोषणा किसी भी दिन कर सकती है। यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रदेशाध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर भी दुष्यंत चौटाला द्वारा सुझाव दिया जा सकता है। क्योंकि 10 विधायकों के साथ जजपा हरियाणा में भाजपा का सहयोगी दल है।

Edited By

vinod kumar