लॉकडाउन में छूट को लेकर डिप्टी सीएम दुष्यंत का बड़ा बयान, जानिए क्या कहा

5/19/2021 6:28:01 PM

चंडीगढ़ (धरणी): कोरोना के कहर को देखते हुए हरियाणा सरकार ने प्रदेश में लॉकडाउन लगाया हुआ है। पहले प्रदेश सरकार ने 3 मई से 9 मई तक लॉकडाउन लगाया था। इसके बाद इसे नया नाम महामारी अलर्ट/सुरक्षित हरियाणा देकर 17 मई तक बढ़ा दिया गया। अब एक बार फिर से लॉकडाउन की अवधि को 24 मई तक बढ़ा दिया गया है। इसी बीच अब लॉकडाउन में छूट को लेकर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी पर समीक्षा बैठक करने के बाद अगले सप्ताह प्रदेश सरकार कई छूट दे सकती है। यह बात उन्होंने बुधवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। 

उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में कोरोना के मामलों में निरंतर सुधार हो रहा है। इस महामारी में मेडिकल स्टाफ अच्छा कार्य कर रहा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पिछले दो दिनों में कोरोना के पॉजिटिव केस कम हुए हैं। पॉजिटिव केसों के मुकाबले कोविड मरीज ज्यादा ठीक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना केस ऐसे ही घटते रहे तो छूट संभव है। 

इसके साथ उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण प्रदेश में 27 प्रतिशत डीजल और 30 प्रतिशत पेट्रोल की सेल में गिरावट आई है। उन्होंने कहा कि केंद्र के आदेश पर कई उद्योग बंद किए और कई उद्योग लॉकडाउन में मार्केट डिमांड सीमित होने के कारण बंद हुए। आज प्रदेश में करीब 70 प्रतिशत से ज्यादा उद्योग चल रहे हैं। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

vinod kumar