कांग्रेस द्वारा प्रभारी बदले जाने पर डिप्टी CM ने ली चुटकी, बोले- अब प्रदेश अध्यक्षों की है बारी

12/6/2022 5:42:45 PM

फतेहाबाद(रमेश): कांग्रेस द्वारा हरियाणा और छत्तीसगढ़ में प्रभारी बदले जाने के बाद सत्ता पक्ष द्वारा पार्टी पर लगातार हमला बोला जा रहा है। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी कांग्रेस के प्रभारी बदलने पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि अभी तो केवल प्रभारी बदले गए हैं। चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। इसी के साथ कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पर निशाना साधते हुए दुष्यंत ने राहुल गांधी को एक नसीहत दी है। डिप्टी सीएम ने कहा कि यात्राओं को छोड़कर कांग्रेस को अपने बिखरे संगठन के बारे में सोचना चाहिए।

 

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर राहुल गांधी को दी नसीहत

 

दुष्यंत चौटाला जजपा नेता वीरेंद्र सिवाच की बेटी के विवाह समारोह में भाग लेने के लिए मंगलवार को फतेहाबाद पहुंचे थे। मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस द्वारा प्रदेश प्रभारियों के बदलाव पर चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तक प्रभारी ही बदलें हैं। चुनावों से पहले प्रदेशाध्यक्ष भी बदल दिए जाएंगे। वहीं भारत जोड़ो यात्रा की हरियाणा में एंट्री को लेकर डिप्टी सीएम ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस में आज जो फूट और बिखराव है, उसे देखते हुए कांग्रेस को यात्राओं की बजाए संगठन पर काम करना चाहिए। इस मौके पर 5100 रुपए पेंशन देने का वादा पूरा न करने के आरोप पर दुष्यंत ने कहा कि सीएम की घोषणाओं और जजपा के वादों को लेकर एक कॉमन मिनिमम प्रोग्राम बनाया गया था। उन्होंने कहा कि हमने प्रयास किया और 500 रुपए पेंशन बढ़ाई गई। आगे भी प्रयास जारी रहेगा।

 

गुजरात और दिल्ली को लेकर दावा करने से बचे दुष्यंत चौटाला

 

दो राज्यों और दिल्ली नगर निगम चुनाव के रूझान सामने आने का बाद दुष्यंत चौटाला ने दावा किया कि गुजरात में भाजपा की बड़ी जीत होगी। वहीं हिमाचल के सवाल पर उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी। इसलिए हिमाचल को लेकर कोई भी भविष्यवाणी अभी नहीं की जा सकती। उधर एमसीडी के चुनावों में भी आम आदमी पार्टी और भाजपा का कड़ा मुकाबला होने की बात डिप्टी सीएम ने कही। उन्होंने कहा कि गुजरात और एमसीडी के रुझानों से एक बात तो तय हो गई है कि कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह से साफ हो चुका है। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

Content Writer

Gourav Chouhan