डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को हुआ कोरोना, मेदांता अस्पताल में भर्ती

6/6/2021 6:15:42 PM

पंचकूला(उमंग): रोहतक जिले की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

रविवार सुबह ही राम रहीम को मेडिकल जांच के लिए मेदांता अस्पताल में लाया गया था। तबीयत बिगड़ने के चलते पहले रोहतक पीजीआई में टेस्ट करवाया गया था, लेकिन रविवार को फिर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ले जाया गया है। यहां पर राम रहीम का कोरोना टेस्ट किया गया है। राम रहीम को मेदांता के कोरोना वार्ड में रखा गया है।

इससे पहले 3 जून को राम रहीम सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से भारी पुलिस सुरक्षा में पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज ले जाया गया था। जहां डेरा प्रमुख की कुछ जांच हुई, जिनमें पेट का सीटी स्कैन भी शामिल है। बाद में उसे वापस जेल भेज दिया गया। राम रहीम को तीन हफ्ते पहले चक्कर आने और रक्तचाप में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद पीजीआई में भर्ती कराया गया था। उस समय अस्पताल में रात भर रखने के बाद डेरा प्रमुख को छुट्टी दे दी गई थी। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Isha