साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख राम रहीम दोषी करार

8/25/2017 3:22:15 PM

पंचकूला:साध्वी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख राम रहीम पर फैसला आ चुकी है। पंचकूला की विशेष सीबीआई अदालत में राम रहीम को कोर्ट ने दोषी करार दिया है। पंचकूला कोर्ट से राम रहीम सीधे जेल जाएंगे। हालांकि सजा पर अब तक फैसला नहीं हुआ है। राम रहीम की सजा पर कोर्ट में अब 28 अगस्त को सुनवाई होगी। डेरा प्रमुख को गिरफ्तार कर कोर्ट से सीधे जेल ले जाया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर हरियाणा के कई शहरों में बिजली काट दी गई है। 

जानिए क्या है मामला
अप्रैल 2002 में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट और तब के पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को एक साध्वी ने शिकायत भेजी थी। मई 2002 में लेटर के फैक्ट्स की जांच का जिम्मा सिरसा के सेशन जज को साैंपा गया था। दिसंबर 2002 सी.बी.आई. ब्रांच ने राम रहीम पर धारा 376, 506 और 509 के तहत केस दर्ज किया। दिसंबर 2003 सी.बी.आई. को जांच के निर्देश दिए गए। 2005-2006 के बीच में सतीश डागर ने इन्वेस्टिगेशन की और उस साध्वी को ढूंढा जिसका यौन शोषण हुआ था। जुलाई 2007 में सी.बी.आई. ने अंबाला सीबीआई कोर्ट में चार्जशीट फाइल की। यहां से केस पंचकूला शिफ्ट हो गया और बताया गया कि डेरे में 1999 और 2001 में कुछ और साध्वियों का भी यौन शोषण हुआ, लेकिन वे मिल नहीं सकीं।अगस्त 2008 में ट्रायल शुरू हुआ और डेरा मुखी के खिलाफ चार्ज तय किए गए। 2011 से 2016 में लंबा ट्रायल चला। डेरा मुखी की ओर से अपीलें दायर हुईं। जुलाई 2016 में केस के दौरान 52 गवाह पेश हुए। इनमें 15 प्रॉसिक्यूशन और 37 डिफेंस के थे। जून 2017 में डेरा प्रमुख ने विदेश जाने के लिए अपील दायर की तो कोर्ट ने रोक लगा दी थी। परन्तु आज 25 अगस्त को कोर्ट ने राम रहीम को दोषी करार कर दिया है।