डेरा प्रमुख की सुनारिया जेल से 11वीं चिट्ठी, लिखा- अनुयायी घरों व गाड़ियों पर तिरंगा लगाएं

8/12/2022 11:51:22 AM

सिरसा : डेरा प्रमुख राम रहीम ने देशवासियों को आजादी के मनाए जा रहे 75वें अमृत महोत्सव में शामिल होकर तिरंगे को अपने घरों, गाडिय़ों पर लगाने व लहराने का आह्वान किया है। उन्होंने अपने अनुयाइयों से तिरंगे को सैल्यूट करते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर डालने का आग्रह किया। सुनारिया जेल लौटने के 24 दिन बाद डेरा प्रमुख ने रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व  चिट्ठी भेजी जो वीरवार को शाह सतनाम जी धाम में आयोजित नामचर्चा दौरान पढ़कर सुनाई गई। 

डेरा प्रमुख ने अपनी 11वीं चिट्ठी में लिखा कि तिरंगे का सम्मान करके हम उन स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों का सत्कार व अभिनन्दन कर सकेंगे जिनकी बदौलत हमें आजादी व तिरंगा नसीब हुआ है। वहीं पत्र में गायों में लम्पी नामक बीमारी के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताते हुए लिखा कि गऊओं में इन दिनों एक भयानक बीमारी आई हुई है जिससे बहुत सी गऊएं मर रही हैं। सतगुरु से प्रार्थना करते हैं कि वह इस बीमारी से बचाव का जल्द कोई उपाय सुझाएं।  चिट्ठी में डेरा प्रमुख ने 15 अगस्त व रक्षाबंधन के पावन पर्व की बधाई भी दी। 

Content Writer

Isha