डेरामुखी की महंगी भैंसों को औने-पौने दामों में बेच गए सेवादार

8/30/2017 8:59:32 AM

चंडीगढ़ (सनमीत):सिरसा जिला प्रशासन ने गत 11 बजे तक कर्फ्यू में ढील क्या दी, डेरे की संपत्तियों को सेवादारों ने औने-पौने दामों में बेचना शुरू कर दिया। डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम जिन मुर्रानस्ल की भैंसों का दूध पीता था, उसे सेवादारों ने औने पौने दामों में बेचना शुरू कर दिया। आर्मी के पहुंचने के बाद बाड़े में खड़ी भैंसें पिछले 3 दिनों से भूखी प्यासी थी। भैंसों की सेवा के लिए डेयरी फार्म में 60 से 65 नौकर थे। लेकिन आर्मी पहुंचने के बाद सभी नौकर भैंसें छोड़कर भाग गए। बाड़े में करीब 150 से 200 भैंसें थी। एक भैंस की कीमत डेढ़ से 2 लाख रुपए है। जिन्हें सेवादारों ने अपने खास दलालों के माध्यम से बेचा।

सूत्रों अनुसार डेरे के साथ लगते गांव बेगू में 6 भैंसें और बाजेकां में करीब 4 भैंसें बिकी हैं। बाजेकां में बिकने वाली 4 भैंसों की कीमत 4 लाख रुपए से भी ज्यादा थी। जिन्हें दलाल ने मात्र एक लाख रुपए में खरीदा। सी.आई.डी. के सूत्रों अनुसार 2 लाख से ज्यादा कीमत वाली भैंसें 50 हजार रुपए और इससे कम वाली भैंसें 15 से 20 हजार में बिकी हैं और बाकियों को बेचने का प्रयास किया जा रहा है। दूसरी ओर डेरा सच्चा सौदा की 45 सदस्यीय कमेटी के अधिकतर सदस्य अंडरग्राऊंड हो गए है।