डेढ़ प्रतिशत जनसंख्या के बावजूद देश को आधे पदक दे रहा हरियाणा : कै. अभिमन्यु

10/5/2018 12:12:29 PM

सोनीपत: वित्तमंत्री कै.अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा में देश की मात्र डेढ़ प्रतिशत आबादी है और ओलिम्पिक से लेकर कॉमनवैल्थ और एशियाड खेलों में मिलने वाले आधे से ज्यादा पदक प्रदेश के खिलाड़ी लेकर आते हैं। यह यहां के खिलाडिय़ों की मेहनत और जज्बे का परिणाम है। वित्तमंत्री गुरुवार को ऋषिकुल विद्यापीठ में शुरू हुई तीसरी आल इंडिया इंटर क्लब तैराकी प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे। प्रतियोगिता में देशभर के 60 क्लबों के 610 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 



कै.अभिमन्यु ने कहा कि हरियाणा ने आज हर क्षेत्र में तरक्की की है। यहां के किसान अपने यहां अन्न की उपज कर देश के 130 करोड़ लोगों का पेट भर रहे हैं। यही किसान जो बेटा पैदा करते हैं वह जाकर देश की सरहदों की रक्षा करते हैं और हमें उन सभी पर गर्व है। अब देश को खेलों में पदकों की जरूरत पड़ी तो प्रदेश के जवानों ने पदकों से भी देश की झोली भर दी। 

उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी यहां 3-4 दिन रहकर प्रतियोगिता में शामिल होंगे और कोई खिलाड़ी जीतेगा और कोई हारेगा। लेकिन हमें यहां से जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा लेकर जाना है। उन्होंने इस दौरान एसोसिएशन को 11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। 



कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद व भारतीय तैराकी संघ के प्रधान धर्मवीर ने कहा आज तैराकी को इस स्तर पर लाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी है। प्रतियोगिता में हरियाणा तैराकी संघ के प्रदेश महासचिव अनिल खत्री, ऋषिकुल विद्यापीठ के निदेशक धीरज शर्मा, आशीष कुमार, नवीन गोयल व इंद्र फौगाट सहित सैंकड़ों गण्यमान्य व्यक्ति उपस्थित थे

Deepak Paul