आढ़तियों की हड़ताल के बावजूद भी शुरू होगी एक अक्टूबर से फसल की खरीद: जेपी दलाल(VIDEO)

9/26/2022 6:57:09 PM

भिवानी(अशोक): कृषि मंत्री जेपी दलाल ने आढ़तियों की हड़ताल को लेकर तेवर दिखाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि फसल खरीद के समय हड़ताल करना गलत है। साथ ही कहा कि आढ़ती हड़ताल खत्म करें या ना करें,लेकिन हर हाल में एक अक्टूबर से फसल की खरीद शुरू हो जाएगी। आज सुबह कृषि मंत्री जेपी दलाल अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए हरियाणा में आढ़तियों की हड़ताल व कांग्रेस में मचे कोहराम से लेकर तीसरे मोर्चे पर अपनी बेबाक़ राय रखी।

 

आढ़तियों की हड़ताल से तंग होकर किसान राजनीति कर रहे है: जेपी दलाल

 

उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से ही आढ़तियों का व्यापार चलता है। आज बेमौसमी बारिश से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई है। जो फसल बची है उसकी खरीद करने की बजाय आढ़ती हड़ताल पर बैठे हैं। जेपी दलाल ने कहा प्रकृति की मार झेल रहे किसानों को आढ़ती परेशान ना करें। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष व किसान संगठनों पर भी निशाना साधा और कहा आढ़तियों की हड़ताल से परेशान होकर किसान राजनीति कर रहे है,जबकि विपक्ष और किसान संगठन चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने दावा किया की आढ़ती माने या ना माने, एक अक्टूबर से हर हाल में फसलों की ख़रीद शुरू हो जाएगी। इसके लिए चाहे गाँवों में या खेल स्टेडियमों में एफपीओ या पंचायतों के माध्यम से ख़रीद क्यों ना करनी पड़े।

 

कांग्रेस में चंद लोग ही बचे हैं: जेपी

 

जेपी दलाल ने कहा कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा व राजस्थान में मचे कोहराम पर कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व कमजोर है। अब चंद लोग इस परिवार की भक्ति करने वाले है, वो भी कांग्रेस से निकल जाएंगे और थोड़े दिनों बाद देश में कांग्रेस नाम की कोई चीज नहीं बचेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डमी को अध्यक्ष बनाना चाहती थी। लेकिन अशोक गहलोत ने अपना असली रंग दिखा ही दिया। जेपी दलाल ने विपक्ष द्वारा तीसरे मोर्चे के गठन की कोशिश पर कहा कि चुनावों के साम्य ये हर बार होता है। उन्होंने नीतीश कुमार द्वारा 2024 में भाजपा को 50 सीटों पर समेटने पर कहा कि देश की जनता ने अपना आशीर्वाद पीएम मोदी व उनके कामों को दिया है। समेटने का काम नीतीश की नहीं, जनता का है, जो भाजपा की बजाय विपक्ष को समेटेगी। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Gourav Chouhan