जमानत के बाद पहली बार मीडिया के सामने आई साध्वी, पूछे गए सवाल पर दिया जवाब

2/4/2017 4:15:23 PM

करनाल (कमल मिड्ढा):करनाल साध्वी देवा ठाकुर द्वारा शादी समारोह में गोली चलाने के मामले में जमानत के बाद पहली बार मीडिया के सामने आई, जिसमें उन्होंने महिला की मौत पर अफसोस जताया और खद की गलती भी मानी। लेकिन साध्वी और बंदूक के रिश्ते पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण और देवी देवताओं के पास भी तो शस्त्र होते थे। सुरक्षा की दृष्टि से शस्त्रों का होना भी जरूरी है लेकिन बगैर किसी वजह के हथियारों का गलत इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। मिली जानकारी के अनुसार साध्वी आज कोर्ट में पेशी पर बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ आई थी। तभी उन्होंने ये सब बाते बोलीं। 
गौरतलब है कि करीब 3 महीने पहले 15 नवंबर को एक शादी समारोह में साध्वी और उनके साथ आए समर्थकों द्वारा डी.जे. पर जमकर गोलियां चलाई थी, जिसमें एक महिला की गोली लगने से मौत हो गई थी। वहीं 2 लोग घायल भी हो गए थे, जिसके बाद साध्वी देवा और उनके समर्थकों को करनाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद करीब साध्वी दो महीने तक जेल में भी रही। वहीं, पिछले महीने की 20 तारीख को साध्वी को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन जमानत होने के बाद भी साध्वी का जलवा अभी भी कम होता नजर नहीं आ रहा है। आज भी साध्वी पेशी पर करनाल कोर्ट में उसी रौब से बड़ी संख्या में अपने समर्थको के साथ पहुंची। देखने से ऐसा बिलकुल भी नहीं लग रहा था कि साध्वी को जरा सा भी अफसोस है।