पानीपत में तबाही ; खेतों में लगी आग से किसानों की मेहनत पलभर में राख, प्रशासन से राहत की गुहार
punjabkesari.in Monday, Apr 13, 2026 - 05:51 PM (IST)
राजाखेड़ी (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत जिले के राजाखेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब खेतों में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसानों की कई दर्जन एकड़ तैयार फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, घटना के समय दो युवक खेत में बैठकर शराब और बीड़ी का सेवन कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि लापरवाही के चलते बीड़ी से निकली चिंगारी के कारण ही आग लगी। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

आग लगते ही आसपास के किसानों और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं और आग की तीव्रता के कारण वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में आग ने बड़े क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है और आग लगने के कारणों की निष्पक्ष जांच की अपील की है। गौरतलब है कि इससे पहले इसराना हल्के के गांव लाखू बुआना में भी हाल ही में सैकड़ों एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से किसानों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)