हरियाणा में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: कैथल, होडल और बहादुरगढ़ की 25.54 करोड़ की परियोजनाओं पर मुहर की तैयारी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 18, 2026 - 07:36 PM (IST)

 चंडीगढ़( चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में सरकार ने विकास कार्यों को गति देने की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी (HPWC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैथल, होडल और बहादुरगढ़ में लगभग 25.54 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित चार प्रमुख विकास परियोजनाओं की टेंडर दरों पर विचार किया गया।

इन परियोजनाओं में आधुनिक सड़क निर्माण, ग्रामीण क्षेत्रों में आरएमसी सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना, स्ट्रीट लाइट लगाना और शहरी क्षेत्र की आंतरिक सड़कों की विशेष मरम्मत जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहरों और गांवों के आधारभूत ढांचे में सुधार करना है।

कैथल में विकसित होगी स्मार्ट रोड
बैठक में कैथल की मौजूदा सड़क को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित करने और निर्धारित राइट ऑफ वे (ROW) के विकास से संबंधित परियोजना पर विचार किया गया। इस कार्य के पूरा होने से सड़क की क्षमता बढ़ाने, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और शहर के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

होडल के गांव बेधा में सड़क और जल निकासी पर जोर
होडल विधानसभा क्षेत्र के गांव बेधा में आरएमसी सड़क निर्माण के साथ फिरनी रोड पर ड्रेनेज व्यवस्था विकसित करने का कार्य प्रस्तावित है। इससे ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा मिलने के साथ बारिश के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

गांव गढ़ी में सड़क, आरसीसी ड्रेन और स्ट्रीट लाइट
होडल के गांव गढ़ी में सरकारी स्कूल से श्मशान घाट होते हुए बाल्मीकि चौपाल फिरनी तक एम-40 ग्रेड की आरएमसी सड़क बनाई जाएगी। इसके साथ आरसीसी ड्रेन और स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी प्रस्तावित है। इससे गांव में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ जल निकासी और रात्रिकालीन आवागमन की सुविधाओं में सुधार होगा।

बहादुरगढ़ सेक्टर-2 की सड़कों की होगी विशेष मरम्मत
बैठक में बहादुरगढ़ के सेक्टर-2 की विभिन्न आंतरिक सड़कों की विशेष मरम्मत का प्रस्ताव भी शामिल रहा। इससे क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति में सुधार होगा और सेक्टर के निवासियों तथा वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ विकास कार्य सरकार की प्राथमिकता
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के शहरों और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। सड़क, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे का विकास आम नागरिकों के जीवन को सुविधाजनक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिले और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में रखे गए चारों कार्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में सड़क और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े हैं। लगभग 25.54 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं की टेंडर दरों पर विचार के बाद इनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता तैयार होगा।
 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static