मुख्यमंत्री मनोहर लाल को डीजीपी, एडीजीपी ने दी करनाल घटना की रिपोर्ट

8/29/2021 11:52:51 PM

चंडीगढ़ (धरणी): करनाल जिले के बसताड़ा टोल प्लाजा पर हुए लाठीचार्ज के मामले को लेकर हरियाणा के डीजीपी, एडीजीपी ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की तथा उन्हें रिपोर्ट दी। जिसमें बताया कि क्यों व किन हालातों में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा के डीजीपी पीके अग्रवाल आज शाम मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मिले तथा उनको शनिवार को बसताड़ा टोल प्लाजा पर जो हालात यथार्थ में बने वहां की पूरी रिपोर्ट दी। 

जानकारी के अनुसार हरियाणा के डीजीपी पीके अग्रवाल ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बताया कि पुलिस ने शुरू में पूर्णतय: धैर्य से काम लिया, बार-बार अनाउंसमेंट की तथा धारा 144 की पालना करने के लिए वहां एकत्रित लोगों से अपील की। जब वहां एकत्रित भीड़ ने पुलिस की बात अनसुनी की, वहां तनाव पैदा किया और वहां पर पथराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। ऐसी स्थिति में पुलिस ने अपने बचाव के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों से लंबा विचार विमर्श किया।

सूत्रों के अनुसार शाम 4 बजे से 6 बजे तक इन अधिकारियों से मुख्यमंत्री की लंबी वार्ता हुई। कानून व्यवस्था कैसे सुदृढ़ व शांतिपूर्ण रखा जाए इस बारे सीएम ने भी निर्देश दिए। वहीं मुख्यमंत्री मनोहर के प्रिसिंपल मीडिया एडवाइजर विनोद मेहता ने बताया कि जब भी कहीं कोई घटना होती है तो आला अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री की रिपोर्ट देना सामान्य प्रक्रिया है।

Content Writer

Shivam