खिलाड़ियों ने पदक जीतकर देश का नाम किया रोशन: DGP

4/20/2018 10:45:57 AM

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): पुलिस के महानिदेशक बी.एस. संधू ने पंचकूला स्थित पुलिस मुख्यालय में राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले हरियाणा के 4 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने हरियाणा पुलिस के साथ-साथ पूरे देश व प्रदेश का नाम रोशन किया है। राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा पुलिस में कार्यरत उप-पुलिस अधीक्षक विकास कृष्ण ने बॉक्सिंग में स्वर्ण, उप-निरीक्षक मौसम खत्री ने रैस्लिंग में रजत, महिला उप-निरीक्षक बबीता फौगाट ने रैस्लिंग व महिला उप-निरीक्षक सीमा अन्तिल ने डिस्कस थ्रो में रजद पदक जीता। डी.जी.पी ने स्वर्ण पदक विजेता विकास कृष्ण को  5 लाख व रजत पदक विजेता मौसम खत्री, बबीता फौगाट व सीमा अन्तिल को 3-3 लाख रुपए का चैक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 

उन्होंने कहा कि जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में हरियाणा पुलिस के जो खिलाड़ी स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक लेकर आएंगे, उन्हें क्रमश: 10, 7 व 5 लाख विभाग की ओर से देकर सम्मानित किया जाएगा। डी.जी.पी. ने कहा कि अपराध व गैंगवार की घटनाएं तो यू.पी., पंजाब, राजस्थान व दिल्ली में भी होती हैं। हरियाणा में भी बाहर के लोग आकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। हरियाणा पुलिस दूसरे प्रदेशों की पुलिस के साथ मिलकर ऐसी वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस रेप मामलों में पुलिस सख्त है। जल्द ही प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर हर जिले में फोर्स का गठन किया जाएगा। संधू ने कहा कि सरकार को डिजॉस्टर रिस्पॉन्स फोर्स की 2 बटालियन के लिए भी बोला है जिसको अपू्रवल के बाद बनाया जाएगा।

पुलिस भर्ती प्रक्रिया पर काम शुरू
डी.जी.पी. बी.एस. संधू ने बताया कि हरियाणा पुलिस की भर्ती नए सिरे से की जाएगी। सभी को नए विज्ञापन के अनुसार दोबारा से फार्म भरना होगा। जिन्होंने पहले आवेदन किया था उन्हें फीस भरने की जरूरत नहीं। उन्होंने कहा कि 6647 कांस्टेबलों की भर्ती की जाएगी, 5000 पुरुष जनरल ड्यूटी कांस्टेबल,1147 महिला जनरल ड्यूटी कांस्टेबल, 500 पुरुष कांस्टेबल इंडिया रिजर्व बटालियन के लिए, 400 कमांडो की भर्ती, 463 सब-इंस्पैक्टर महिला-पुरुष  भर्ती किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 4300 भर्ती किए गए लोगों की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। जल्द 4300 पुलिस जवान अपनी सेवाएं दे पाएंगे। 

शारीरिक परीक्षा के अंक मैरिट में नहीं जुड़ेंगे
पुलिस के महानिदेशक  बी.एस. संधू ने कहा कि हरियाणा पुलिस में होने वाली 6647 कांस्टेबलों तथा 463 सब-इंस्पैक्टरों की भर्ती मुख्य तौर पर लिखित परीक्षा के आधार पर होगी, शारीरिक परीक्षा केवल क्वालीफाइंग ही होगी। शारीरिक परीक्षा के अंक मैरिट बनाने में नहीं जोड़े जाएंगे।  उन्होंने कहा कि गुरुग्राम एवं फरीदाबाद शहर में ट्रैफिक की व्यवस्था में और अधिक सुधार करने के लिए जल्द ही 500 एस.पी.ओ. की भर्ती भी की जाएगी। संधू ने आगे बताया कि हरियाणा पुलिस के डायल-100 प्रोजैक्ट के तहत आगामी 3 माह में हरियाणा पुलिस द्वारा 600 नई गाड़ियां खरीदी जाएंगी, ताकि प्रत्येक पुलिस स्टेशन पर कम से कम दो गाड़ी अवश्य हों। ये गाड़ियां सैंट्रलाइज्ड पुलिस कंट्रोल रूम से कनैक्ट रहेंगी।

Nisha Bhardwaj