किसी भी कीमत पर संगठित अपराध को सहन नहीं किया जाएगा : DGP

7/7/2017 3:32:26 PM

पानीपत(खर्ब/अजय):प्रदेश में गैंगवार, नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों को रोकने के लिए स्पैशल टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है, इसके लिए सरकार से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। यह बात हरियाणा पुलिस के महानिदेशक बी.एस. संधू ने जिलास्तर के पुलिस अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए व पत्रकारवार्ता के दौरान कही। डी.जी.पी. ने बताया कि यहां पर पुलिस अधिकारियों की बैठक में उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उनका यह विभाग भ्रष्टाचार के मामले में सबसे ज्यादा बदनाम है इसलिए उनकी प्राथमिकता है कि पुलिस के माथे पर लगा यह धब्बा जल्द हटाया जाए। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, जिस भी कर्मचारी या अधिकारी की शिकायत मिलेगी उससे सख्ती से निपटा जाएगा। 

संधू ने बताया कि 4500 पुलिस कर्मियों की भर्ती में पूर्ण रूप से पारदर्शिता बरती गई है तथा भविष्य में 5400 पुरुष व 900 महिला सिपाहियों की भर्ती के लिए 12 जुलाई तक आवेदन मांगे गए हैं। संधू ने बताया कि पंचकूला में केंद्रीय कंट्रोल रूम बना रही है। कोई भी व्यक्ति 100 नंबर पर कोई भी शिकायत दर्ज करवाएगा, उस पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। संधू ने बताया कि इसे फायर ब्रिगेड व एम्बुलैंस से भी जोड़ा जाएगा। हरियाणा के 300 पुलिस थानों में 2-2 मोबाइल पी.सी.आर. दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस में अभी 11,000 सब-इंस्पैक्टर व अन्य पुलिस कर्मियों की कमी है। ट्रैफिक पुलिस में भी 1000 पुलिस कर्मियों की भर्ती की जाएगी। आने वाले वर्षों में होमगार्ड जवानों की आवश्यकता नहीं रहेगी। पुलिस महानिदेशक संधू ने पुलिस अधिकारियों को कहा कि वह जनता से अच्छा बर्ताव करे। उन्होंने अपने कार्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि जो भी व्यक्ति उनसे मिलने आता है। उसे वह स्वयं श्रीमान व महिला को मैडम कहकर बुलाते हैं। इसलिए गालियां देने के लिए बनी अपनी पहचान से निजात पाने का यह मौका न गंवाएं तथा सभ्य तरीके से जनता से पेश आएं। पत्रकार वार्ता में करनाल रेंज के आई.जी. सुभाष यादव व पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा भी मौजूद रहे और डी.जी.पी. ने जिलेभर के डी.एस.पी., एस.एच.ओ. व चौकी प्रभारियों की बैठक को भी संबोधित किया।

चेन स्नैचर को पकड़वाने के लिए एक लाख रुपए का इनाम
डी.जी.पी. ने बताया कि सरकार ने चेन स्नैचर को पकड़वाने के लिए एक लाख रुपए तक इनाम रखा है। नशीले पदार्थों का अवैध धंधा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए और अंडर ऐज ड्राइविंग करने वालों एवं नशे में वाहन चलाने वालों से भी पुलिस सख्ती से पेश आएगी। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस ने आम आदमी की सुविधा के लिए थानों में मित्र कक्ष के नाम से स्वागत कक्ष बनाने का भी निर्णय लिया है जिनमें पीड़ित अपनी शिकायत दर्ज करवा सकेंगे।

महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा
संधू ने बताया कि हरियाणा पुलिस के सामने महिलाओं को सुरक्षा देना सबसे बड़ा मुद्दा है इसलिए इसी माह दोबारा से आप्रेशन दुर्गा को चलाया जाएगा। यह आप्रेशन गांव व कस्बों में भी चौकी इंचार्ज व एस.एच.ओ. चलाएंगे। चेन स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने व उनको पकड़ने का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा।

समस्याएं सुन दिए आदेश
डा. भीमराव अम्बेदकर के अनुयाइयों के साथ दुर्वहार करने व उन्हें जातिसूचक शब्द कहकर बेइज्जत करने की एक शिकायत भीम समाज, रागड़ा मोहल्ला, सफीदों, जींद के लोगों ने  डी.जी.पी. संधू को दी व उन्हें बताया कि सफीदों थाना के एस.एच.ओ. विजयपाल ने उनके एक अन्य साथी को भी मनगढ़ंत आरोपों के तहत गिरफ्तार कर रखा है। जिस पर डी.जी.पी. ने गहनता से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए।

अवैध शराब व पुलिस वाहनों की संख्या पर भी हुई चर्चा
लघु सचिवालय में चली इस मीटिंग के दौरान अधिकारियों ने प्रदेश में अवैध तरीके से चल रहे काले धंधों व पानीपत पुलिस प्रशासन के पास खल रही वाहनों की कमी को लेकर भी चर्चा हुई, जिस पर एस.पी. राहुल शर्मा ने लगातार अपराधियों पर नकेल कसने व जल्द ही वाहनों की संख्या में इजाफा करने की बात कही।