फतेहाबाद हिंसा मामला: DGP ने घायल पुलिसकर्मियों और पत्रकारों के लिए किया बड़ा एेलान

3/20/2017 1:40:53 PM

फतेहाबाद (गौतम तारिफ):फतेहाबाद के गांव ढाणी गोपाल के पास जाट आंदोलनकारियों और पुलिस की झड़प के बाद घायल हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जानने के लिए डी.जी.पी. के.पी. सिंह पहुंचे। उन्होंने घायल हुए पुलिसकर्मियों को 5 हजार रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। इसके साथ थी उन्होंने पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई और कहा कि घायल पुलिस कर्मियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। डी.जी.पी. ने कहा कि जिन लोगों की ओर से इस तरह की हरकतें की गई हैं, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। डी.जी.पी. ने कहा कि पत्रकारों को भी 5 हजार का मुआवजा दिया जाएगा और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।

डी.जी.पी. ने कहा कि जो पुलिस कर्मी घायल हुए उनके इलाज का खर्चा पुलिस विभाग वहन करेगा। पुलिस की ओर से अच्छा काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर संयम न किया जाता तो ज्यादा हानि हो सकती थी। डी.जी.पी. ने कहा कि पुलिस की ओर से 10 के करीब बाई नेम लोगों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया है। इतनी ही नहीं उनके सामान को उठाया गया है, जिसके तहत पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाकी वीडियो के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।