धनखड़ लगातार कर रहे किनारे किए जा चुके नेताओं से मुलाकात, मास्टर स्ट्रोक साबित हो सकता है ये कदम

7/18/2021 2:11:57 PM

चंडीगढ़ (धरणी): हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल से किनारे किए गए रतन लाल कटारिया से पंचकूला स्थित निवास पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ मिलने पहुंचे। कुछ दिन पहले ओमप्रकाश धनखड़ पंचकूला निवास पर पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा से भी मिलने पहुंचे थे। सोशल इंजीनियरिंग के बाजीगर ओमप्रकाश धनखड़ एक ऐसे शख्स हैं जो नए और पुराने चेहरों को साथ लेकर चलने की अद्भुत शक्ति और कला रखते हैं। कांग्रेस का त्याग कर आए लोगों को संभालने के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी के दिग्गजों को भी अपने साथ बनाए रखने में वह माहिर खिलाड़ी हैं। 

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रतनलाल कटारिया को हाल ही में मोदी मंत्रिमंडल से हटाए जाने को लेकर कटारिया परिवार में कुछ नाराजगी की सुगबुगाहट राजनीतिक गलियारों में चल रही थी। इस बीच ओम प्रकाश धनखड़ का उनके निवास पर जाना कहीं-न-कहीं उनकी नाराजगी को दूर करने के लिए उठाया गया कदम माना जा रहा है। रतन लाल कटारिया प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के जहां वरिष्ठ नेता हैं, वहीं वह उस समय भारतीय जनता पार्टी का झंडा उठाने वाले शख्स हैं, जब भाजपा का नाम लेवा भी नहीं कहीं देखने को मिलता था। लेकिन कई बड़े उतार-चढ़ाव आने के बावजूद कटारिया हमेशा भाजपा का झंडा बुलंद करते रहे और उसी वफादार सिपाही होने का उन्हें समय-समय पर इनाम भी मिलता रहा। 

कांग्रेस की मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा जैसी दिग्गज नेत्री के खिलाफ उन्हें लोकसभा की टिकट देकर भाजपा ने मैदान में समय-समय पर उतारा और उन्होंने दो बार कुमारी सैलजा को परास्त भी किया और सांसद बने। वयोवृद्ध नेता रतन लाल कटारिया को केंद्र सरकार ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता व केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी। हरियाणा के कुल 10 में से 3 सांसदों राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर और रतन लाल कटारिया मंत्रिमंडल में स्थान मिला हुआ था। 



हरियाणा जैसी छोटी सी स्टेट में तीन केंद्रीय मंत्री होना एक असाधारण सी बात थी। जिस कारण जिन्हें हाल ही में नए मंत्रिमंडल विस्तार व फेरबदल के दौरान कटारिया से यह जिम्मेदारी वापस ली गई मानी जा रही है। ओम प्रकाश धनखड़ ने पंचकूला स्थित निवास पर पहुंच पार्टी संगठन के मुखिया के रूप में अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह किया। कटारिया के निवास पर उनकी पत्नी बंतो कटारिया भी मौजूद रही। जोकि पढ़ी-लिखी सशक्त महिला होने के साथ-साथ भाजपा संगठन में भी महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी निभा रही है। कार्यकाल के बीच में से मंत्रिमंडल से हटाया जाना उनके परिवार के लिए एक सदमे से कम नहीं था। लेकिन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा जाकर बातचीत करना कहीं-ना-कहीं जख्मों पर मरहम लगाने जैसा माना जा सकता है।

वहीं प्रदेश भाजपा के कई बार अध्यक्ष और मंत्री रह चुके वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा भी आजकल भारतीय जनता पार्टी सरकार से दूर दिखाई देने लगे हैं। चुनावों से पहले जहां कुछ क्षेत्रों से उन्हें मुख्यमंत्री के दावेदार के रूप में पेश किया जा रहा था, वहीं अब प्रदेश भाजपा सरकार से उनके संबंध खट्टे मीठे से दिखने लगे हैं। चुनाव हारने के बाद उन्हें किसी भी पद से नहीं नवाजा गया है। कहीं-न-कहीं उनके दिल में इस बात का भी दर्द है। जिस कारण वह पार्टी संगठन व सरकार के कार्यक्रमों में न के बराबर दिखने लगे हैं। पंचकूला स्थित अपने निवास पर रामबिलास शर्मा हाल ही में पहुंचे थे। ओम प्रकाश धनखड़ ने वहां पहुंच पार्टी के लिए उनकी महत्वता को दिखाया। धनखड़ काफी लंबे समय तक उनके निवास पर रुके और लंबी वार्तालाप हुई। 

खुड्डे लाइन लगाए गए नेताओं के घर ओम प्रकाश धनखड़ का पहुंचना प्रदेशाध्यक्ष की कुशलता को दर्शाता है। वह पार्टी के सभी छोटे-बड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ तालमेल और सामंजस्य बनाने में लगे हैं। यह संगठन के प्रति सभी वफादार और पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़कर संगठन को और मजबूत करने की कोशिशों में लगे हैं। रामबिलास शर्मा प्रदेश भाजपा के एक वरिष्ठ नेता है और अहीर बेल्ट महेंद्रगढ़ से चुनाव जीतकर वह जनता में अपनी पकड़ को प्रदर्शित कर चुके हैं। किनारे किए गए तमाम नेताओं के निवास पर पहुंचकर उनके मन का हाल जानने और मन की दूरियों को कम करने को लेकर ओम प्रकाश धनखड़ के यह सफल प्रयास हैं। उनके इन प्रयासों से एक संदेश यह भी साफ है कि भारतीय जनता पार्टी के लिए उनके सभी कार्यकर्ता एक खास वैल्यू रखते हैं। धनखड़ का यह कदम आने वाले समय में उनके लिए एक मास्टर स्ट्रोक भी साबित हो सकता है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

vinod kumar