पेंचकश से ATM हैक करने की कोशिश, धारूहेड़ा पुलिस ने दो सगी बहनों को किया गिरफ्तार...'लूट' की खबर निकली भ्रामक

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 07:34 PM (IST)

रेवाड़ी(महेन्द्र भारती): थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने बस स्टैंड के पास स्थित एक निजी कंपनी के एटीएम से छेड़छाड़ कर नकदी चोरी का प्रयास करने के मामले में दो सगी बहनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के गांव सरे खुर्द निवासी अन्नू कौर और ज्योति कौर के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के संबंध में डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि सोशल मीडिया पर धारूहेड़ा में दिनदहाड़े एटीएम लूट की खबर वायरल हो रही थी, जो भ्रामक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लूट या डकैती का मामला नहीं, बल्कि एटीएम मशीन से छेड़छाड़ कर नकदी चोरी के प्रयास का मामला है। 

पुलिस के अनुसार, धारूहेड़ा निवासी प्रेमचंद ने 13 अगस्त को शिकायत दी थी कि बस स्टैंड के पास उसकी निजी कंपनी का एटीएम लगा हुआ है। 10 अगस्त को इंजीनियर नवल किशोर ने उन्हें सूचना दी कि एटीएम का नकदी निकासी वाला शटर क्षतिग्रस्त है। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें दो युवतियां एटीएम बूथ में आती दिखाई दीं। फुटेज में एक युवती पेंचकश से एटीएम मशीन में छेड़छाड़ करती नजर आई। दोनों में से एक ने कार्ड के जरिए 100 रुपये निकाले। इसके बाद नकदी निकलने वाला शटर खुलने पर उसमें लोहे की पत्ती फंसा दी गई।

 कुछ देर बाद दोनों युवतियां दोबारा एटीएम बूथ पर पहुंचीं और पेंचकश से मशीन को नुकसान पहुंचाते हुए नकदी चोरी का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-6 धारूहेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों सगी बहनों को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने आमजन से अपील की कि किसी भी घटना से संबंधित जानकारी को पुलिस से सत्यापित किए बिना सोशल मीडिया पर साझा न करें। उन्होंने कहा कि भ्रामक और सनसनीखेज सूचनाओं से बचना चाहिए।
 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static