विदेश से आई महिला का ब्यूटी पार्लर से 18 लाख का डायमंड नैकलेस चोरी

1/7/2020 12:09:44 PM

हिसार (स्वामी): अमरीका से आई सोनीपत के गांव सरगथल की महिला प्रेम गौड़ का 18 लाख की कीमत का डायमंड नैकलेस हिसार के सैक्टर 16-17 के एक ब्यूटी पार्लर के काऊंटर से चोरी हो गया। वह सैक्टर 9-11 में भाई के परिवार के पास आई हुई है। सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि वह डेढ़ महीने पहले परिजनों और ससुरालजनों से मिलने स्वदेश लौटी है। वह 30 दिसम्बर को भाई पेशल शर्मा से मिलने सैक्टर 9-11 में आई थी। 

वह उसी दिन भाई की पुत्रवधू राजबाला के साथ सैक्टर 16-17 में मोनिका के ब्यूटी पार्लर में गई थी। उन्होंने वहां फेसवॉश करवाया। इस दौरान उन्होंने अपने गले से डायमंड का नैकलेस उतारकर पुत्रवधू राजबाला को दे दिया था। राजबाला मोबाइल पर बातचीत में व्यस्त थी। उसने वहां स्वैटर भी उतारा था।

वह ब्यूटी पार्लर संचालिका को पेमैंट कर भाई के घर पहुंची। उन्होंने वहां राजबाला से नैकलैस मांगा तो उसने बताया कि वह तो ब्यूटी पार्लर में भूल आई। उसके बाद वह भतीजे प्रणव और पुत्रवधू राजबाला के साथ उस ब्यूटी पार्लर में पहुंची। वहां मोनिका ने स्वैटर लौटा दी, मगर नैकलैस बारे अनभिज्ञता जताई। मोनिका ने उनको अपना पार्लर भी दिखाया। महिला ने कहा कि किसी अज्ञात ने काऊंटर से नैकलैस चुरा लिया है। उन्होंने अमरीका में 18 लाख रुपए में नैकलैस खरीदा था।

Isha